रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिज़ाज अचानक बदला हुआ नजर आ रहा है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ते तापमान के बीच अब हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग ने पहले ही तापमान में कमी और मौसम बदलने के संकेत दिए थे, जो अब सच साबित होते दिख रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दुर्ग में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं बलरामपुर और राजनांदगांव में 34 डिग्री, सुकमा में 33.7 डिग्री, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 33.6 डिग्री और राजधानी रायपुर में 33.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है उनमें सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरबा, जशपुर, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा शामिल हैं।
तेज हवाएं और हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने, हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम के बदलते मिज़ाज को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।