रायपुर। राजधानी रायपुर के रामकुंड क्षेत्र में दो लोगों का अपहरण कर मारपीट करने वाले छह बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, आजाद चौक थाना क्षेत्र के रामकुंड क्षेत्र में दो व्यक्तियों को बंधक बनाकर मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस पर आजाद चौक पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की घेराबंदी कर पुलिस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से तलाशी ली। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक झोपड़ी में रेड की गई तो वहां जीवन यदु धमतरी निवासी और राकेश शर्मा को सकुशल मुक्त कराया गया।
पूछताछ में पता चला कि, लगभग 2 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद के चलते आरोपियों ने सुनियोजित षड्यंत्र रचकर दोनों को करबला तालाब के पास से अगवा कर बंधक बना लिया था। हथियारों के बल पर मारपीट कर जबरन जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और नगद राशि, बैंक दस्तावेज, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल लूट ली गई। पुलिस की त्वरित रणनीतिक कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल कर दिया गया।
इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई
सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 42/2026* अंतर्गत धारा 308(5), 296, 351(3), 127(8), 115(2), 117(2), 61, 140(1), 310(2), 111 बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश जारी है।
ये 6 अपराधी किए गए गिरफ्तार
1. कामरान अब्बास पिता अन्नूहसन उम्र 29 साल निवासी शिव नगर हाण्डीपारा थाना आजाद चौक रायपुर।
2. नवीन उर्फ नन्नू ढीमर पिता शैलेन्द्र ढीमर उम्र 19 साल निवासी रामकुण्ड यूनियन क्लब पास थाना आजाद चौक रायपुर।
3. लक्की निषाद, उर्फ छोटा चिकन पिता राजू निषाद उम्र 19 साल निवासी रामकुण्ड सतबहनिया मंदिर के पास थाना आजाद चौक रायपुर।
4. राकेश धीवर, पिता रवि धीवर उम्र 24 साल निवासी रामकुण्ड खाटू श्याम मंदिर होरीलाल डेयरी के पास थाना आजाद चौक रायपुर।
5. अनिल धीवर, पिता बलीराम धीवर उम्र 30 साल निवासी रामकुण्ड खाटू श्याम मंदिर होरीलाल डेयरी के पास थाना आजाद चौक रायपुर।
6. हरिओम सोनकर, पिता स्व. रामलाल सोनकर उम्र 47 साल निवासी रामकुण्ड यूनियन क्लब पास थाना आजाद चौक रायपुर।