रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के अंतिम आंकड़े जारी कर दिए गए हैं। प्रदेश में अब तक 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। जारी आकड़े के अनुसार 25 लाख से अधिक किसानों ने अपना धान बेचा है। अंतिम दो दिनों में 13 हजार किसानों से 1.19 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। किसानों को 35 हजार करोड़ से अधिक राशि का भुगतान हुआ है।
धान खरीदी को लेकर खाद्यमंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि, प्रदेश में 141.04 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। अंतिम दो दिन में 13 हजार किसानों ने अपना धान बेचा है। दो दिनों में 1.19 लाख मीट्रिक धान खरीदा गया है। धान खरीदी को लेकर न कोई शिकायत है, न कोई मांग है। कांग्रेस के राज में किसान खून के आंसू रोते थे। कांग्रेस को कुछ कहने से पहले गिरेबान में झांकना चाहिए।
बस्तर के 7 जिलों से 83 हजार मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी
बस्तर जिले में 79 खरीदी केंद्रों के माध्यम से 6,486 मीट्रिक टन धान की अतिरिक्त खरीदी हुई, बीजापुर में 30 केंद्रों से 3,069.80 मीट्रिक टन,दंतेवाड़ा में 15 केंद्रों से 5,663 मीट्रिक टन धान बेचा गया। कांकेर जिले में सर्वाधिक 149 केंद्रों के जरिये 49,971.20 मीट्रिक टन धान की खरीदी दर्ज की गई। कोंडागांव में 67 केंद्रों से 5,236.24 मीट्रिक टन,नारायणपुर में 17 केंद्रों से 5,815.29 मीट्रिक टन तथा सुकमा जिले में 25 खरीदी केंद्रों के माध्यम से 7,013.70 मीट्रिक टन धान की अतिरिक्त खरीदी हुई। इस प्रकार बस्तर संभाग के सातों जिलों में कुल 382 खरीदी केंद्रों से 83,255.23 मीट्रिक टन धान का उठाव किया गया।









