रायपुर महापौर पद : कांग्रेसी दावेदार अब पत्नियों के नाम आगे कर रहे, भाजपा-कांग्रेस में महिलाएं भी थोक में दावेदार 

Raipur Mayor, Congress-BJP, Chhattisgarh News In Hindi, Mayor congress Kiranmayi Nayak, bjp Meenal
X
रायपुर के नगर निगम का महापौर पद आरक्षण में सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद कांग्रेस के ये दावेदार अब अपनी पत्नियों का नाम आगे कर रहे हैं।

रायपुर। राजधानी रायपुर के नगर निगम का महापौर पद आरक्षण में सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के बाद जहां कांग्रेस के पुरुष दावेदारों के मंसूबों पर पानी फिर गया है, वहीं कांग्रेस के ये दावेदार अब अपनी पत्नियों का नाम आगे कर रहे हैं। दूसरी तरफ भाजपा के दावेदारों ने साफ शब्दों में अपनी पत्नियों के नाम आगे करने से इनकार कर दिया है। इधर भाजपा और कांग्रेस में थोक में महिला दावेदार हैं। जहां भाजपा से नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे का नाम पहली दावेदार के रूप में लिया जा रहा है, वहीं कांग्रेस से पूर्व महापौर किरणमयी नायक की दावेदारी सबसे प्रबल है।

नगरीय निकाय चुनाव में महापौर के लिए निकली लाटरी में रायपुर से महापौर का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित घोषित किया गया है। इसके बाद से ही महापौर का चुनाव लड़ने वाले पुरुष दावेदार निराश हो गए हैं। दूसरी तरफ महिलाओं में इस बात को लेकर खुशी है कि उनको अब मौका मिलेगा।

पत्नियों का नाम किया आगे

कांग्रेस से महापौर के लिए थोक में पुरुष दावेदारों के नाम चल रहे थे, लेकिन अब इनको तगड़ा झटका लगा है। बावजूद इसके ये हार मानने वाले नहीं हैं। सभी दावेदार एक स्वर में अपनी पत्नियों के नाम आगे करने की बात कर रहे हैं। महापौर एजाज ढेबर का कहना है, वे महापौर हैं, तो वे स्वाभाविक रूप से अपनी पत्नी अर्जुमन ढेबर के नाम की दावेदारी करेंगे। इसी तरह से प्रमोद दुबे अपनी पत्नी दीप्ति प्रमोद दुबे, कुलदीप जुनेजा अपनी पत्नी परमजीत कुलदीप जुनेजा, सतनाम पनाग अपनी पत्नी अमनदीप कौर पनाग, कन्हैया अग्रवाल अपनी पत्नी डॉ. मीनाक्षी कन्हैया अग्रवाल, कुणाल शुक्ला अपनी पत्नी प्रीति उपाध्याय के नाम से दावेदारी करने की बात कर रहे हैं। इधर विकास उपाध्याय ने साफ तौर पर अपनी पत्नी के नाम से दावेदारी करने से इनकार कर दिया है।

इसे भी पढ़ें... नगरीय निकाय चुनाव : नगर पंचायत कुरुद में अध्यक्ष पद अनारक्षित मुक्त घोषित, दावेदारों के खिले चेहरे

कांग्रेस से किरणमयी का नाम प्रमुख

कांग्रेस से इस समय पहला प्रमुख नाम पूर्व महापौर किरणमयी नायक का सामने आ रहा है। वह पहले भी सामान्य सीट से चुनाव लड़कर जीती हैं। उन्होंने हरिभूमि से कहा, पार्टी चाहेगी तो वह जरूर चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस पार्टी के पास भी महिला दावेदारों के नाम पहुंचे हैं। जिनका दावा पार्टी के पास पहुंचा है, उसमें नगर निगम अपीली समिति की सदस्य कविता ग्वालानी, संगीता दुबे, उषा रज्जन श्रीवास्तव, ममता राय, प्रगति वाजपेयी, राधिका नागभूषण, वंदना राजपूत का नाम शामिल है।

भाजपा में योग्य महिला उम्मीदवारों की कमी नहीं : सुभाष तिवारी

महापौर पद के दावेदार नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी का साफ कहना है, पत्नियों का नाम आगे करने की भाजपा में कभी परंपरा नहीं रही है। हमारी पार्टी का कोई भी महापौर का दावेदार अपनी पत्नी का नाम आगे नहीं करेगा। हमारी पार्टी में महापौर का चुनाव लड़ने के लिए योग्य महिला उम्मीदवारों की कमी नहीं है। पार्टी किसी भी योग्य महिला को चुनाव मैदान पर उतारेगी।

भाजपा में मीनल सहित कई दावेदार

भाजपा में महापौर की टिकट के लिए नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे का नाम सबसे प्रबल है। उनका नाम पहले रायपुर दक्षिण से विधानसभा चुनाव में दो बार चल चुका है। पहले मुख्य विधानसभा चुनाव और इसके बाद दक्षिण के उपचुनाव में भी उनकी दावेदारी थी। इसी के साथ भाजपा में अन्य दावेदारों में सरिता दुबे, विश्वदिनी पांडेय, सीमा साहू, समाज कल्याण बोर्ड में रही पूर्व पार्षद हेमलता चंद्राकर, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष शताब्दी पांडेय का नाम प्रमुख है। आने वाले समय में दावेदारों के नामों में और इजाफा होगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story