रायपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में एक बार फिर हाईकोर्ट, बालोद और बेमेतरा की कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट, बालोद और बेमेतरा की कोर्ट को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जैसे ही इस धमकी की सूचना मिली, कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट में मौजूद सभी मजिस्ट्रेट, वकीलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
परिसर की गहन जांच कर रही पुलिस
सुरक्षा कारणों से सभी को सर्किट हाउस ले जाया गया। वहीं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर की गहन जांच कर रही है। कोर्ट परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग कर इलाके को सील कर दिया गया है और किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल, पुलिस की टीम मौके पर तैनात है।