राजधानी रायपुर समेत जिले भर में जांच के नाम पर खेल चल रहा था, सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने की बड़ी कार्रवाई की।

विकास शर्मा- रायपुर। सैंपल कलेक्शन सेंटर की आड़ में बिना परमिशन संचालित हो रहे डायग्नोस्टिक सेंटर एवं पैथोलॉजी लैब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। ऐसे 38 संस्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 7.60 लाख जुर्माना लगाया गया है। कलेक्शन सेटर राजधानी रायपुर समेत जिलेभर में संचालित हो रहे थे। ऐसे संस्थानों को तत्काल बंद करने अथवा काम करने के लिए नियमानुसार अनुमति लेने की सख्त हिदायत सीएमएचओ ने दी है।

राजधानी समेत रायपुर जिले में ब्लड सहित अन्य सैंपल के डायग्नोसिस के लिए बड़े संस्थानों से अटैच होने का हवाला देकर कलेक्शन सेंटर खोले गए थे। नियम के मुताबिक कलेक्शन सेंटर का काम केवल जांच के लिए आने वाले सैंपल का कलेक्शन कर उन्हें जांच के लिए लैब भेजना होता है। शिकायत मिली थी कि इन कलेक्शन सेंटरों की आड़ में कई तरह की पैथोलॉजी जांच का खेल चल रहा है। इस आधार पर जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जांच टीम को अलर्ट किया और नर्सिंग होम एक्ट के तहत संचालित होने वाले इन कलेक्शन सेंटरों की जांच के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पता चला कि अवैध रूप से पैथोलॉजी लैब ही नहीं, कई कलेक्शन सेंटर भी चल रहे हैं। जांच के बाद सीएमएचओ ने बड़ा एक्शन लेते हुए बिना अनुमति संचालित होने वाले 38 सेंटरों पर 20-20 हजार रुपए के हिसाब से कुल 7.60 लाख रुपए जुर्माना लगाया है। इसके अलावा संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे संचालन तत्काल रूप से बंद करें और अनुज्ञा मिलने पर ही काम का संचालन करें।

बढ़ सकता है जोखिम
कलेक्शन सेंटर का काम केवल सैपल लेकर जांच के लिए भेजना होता है और इसके लिए भी अनुमति आवश्यक होती है। बिना अनुमति संचालित होने वाले इन संस्थानों की रिपोर्ट गलत हो सकती है. सैंपल की जांच विशेषज्ञों द्वारा किया जाना जरूरी है। अधिकारियों का तर्क है कि किसी भी तरह की जांच मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से ही करानी चाहिए।

नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माना
रायपुर के सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि, जांच में पाया गया था कि संबंधित संस्थान बिना अनुमति के संचालित हो रहे थे। नर्सिंग होम एक्ट के उल्लघंन पर उनका जुर्माना किया गया है। ऐसे संस्थानों को संचालन नियमों के अनुसार करना होगा, जांच जारी रहेगी। संस्थानों के पास वैध दस्तावेज अगर हैं तो प्रस्तुत करें, अन्यथा बंद करने की कार्रवाई अतिशीघ्र की जाएगी।

इन कलेक्शन सेंटरों पर जुर्माना
एडवांस हेल्थ केयर लैब टैगोर नगर, पैथोस क्लीनिकल पैथोलॉजी लैब राजेंद्र नगर, श्री राम क्लीनिक एंड डायग्नोस्टिक सेंटर संतोषी नगर, शिवम एडवांस वायरस डायग्नोस्टिक सेंटर लोधीपारा चौक, कृष्णा फेटल मेडिसिन सेंटर समता कालोनी, आरआर पैथ सर्विसेस नया राजेंद्र नगर, एसबीएच वुमन हास्पिटल प्रायवेट लिमिटेड (साईकृपा पैथोलॉजी लैब) न्यू राजेंद्र नगर, एनके पैथोलॉजी कैलाशपुरी. 

लाल पैथलेब्स लिमिटेड भाटिया काम्पलेक्स जीई रोड, श्रीराम डायग्नोस्टिक संतोषी नगर, गीताजंलि एक्सरे एवं सोनोग्राफी सेंटर कचहरी चौक, यूनिक पैथ लैब अंवति विहार, चौहान पैथोलॉजी लेबोरिटी छोटापारा, हेल्थ फर्स्ट लैब सुंदर नगर, रायपुर सीसी 23 लैब कैलाशपुरी, मेडी पैथलैब फाफाडीह चौक, दक्षयानी पैथ कलेक्शन रामसागर पारा, एजे सांइटिफिक पैथलैब विधानसभा रोड सहू, द अशोका डायग्नोस्टिक्स समता कालोनी, आस्था पैथोलॉजी लैब गोबरा नवापारा। 

रायपुर इमेजिंग एंड डायग्नोस्टिक सेंटर शहीद स्मारक भवन जीई रोड, एसबीएल डायग्नोस्टिक अश्वनी नगर, गोल्डन पैथोलॉजी लैब बिरगांव, आस्था पैथोलॉजी लैब अमनपुर, तोसी पैथलैब्स (कलेक्शन सेंटर डॉ. लाल पैथलैब) डगनिया, एमडी लैब बैरनबाजार, यूनिसेफ पैथोलॉजी लैब संजय नगर टिकरापारा, नाइस पैथोलॉजी लैब बुध वारी बाजार बिरगांव, लुपिन डायग्नोस्टिक शंकर नगर, ब्लड लाइन डायग्नोस्टिक टाटीबंध, श्री गणेश डायग्नोस्टिक एंड इमेजिंग लैब मोवा। 

मेडसिस पैथलैब इंडिया प्रायवेट लिमिटेड एलटीडी कचहरी चौक, एचबी प्लस पैथोलॉजी लैब संजय नगर बकरा मार्केट, रेडलाइफ पैथोलॉजी लेबोरेटरी उरकुरा, सहज पैथोलॉजी लैब छोटापारा, केयर प्लस हेल्थ सेंटर एंड लैब विधानसभा रोड तथा आयुष्ममान भवः डायग्नोस्टिक तिल्दा पर जुर्माना लगाया गया है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)