रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रदेश कार्यालय से लेकर जिला कार्यालयों तक विशेष सजावट की गई, वहीं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी के स्थापना दिवस को गौरवपूर्ण ढंग से मनाया
भारतीय जनता पार्टी आज देशभर में अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर राजधानी रायपुर में भी दिनभर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 8 बजे भाजपा जिला कार्यालय में स्वच्छता अभियान से हुई, जिसमें महिला मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भी सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
सीएम साय ने किया ध्वजारोहण
सुबह 9 बजे जिला कार्यालय एकात्म परिसर में ध्वजारोहण किया गया, जबकि प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री ने स्मृति मंदिर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की।
भाजपा कार्यालयों में विशेष साज-सज्जा की गई
प्रदेश कार्यालय ठाकरे परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है, वहीं पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यालयों में विशेष साज-सज्जा की गई है। ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और संगठन की उपलब्धियों व आगामी रणनीतियों पर चर्चा करेंगे।
सीएम साय कार्यकर्ता सम्मेलन में होंगे शामिल
शाम 5 बजे जिला कार्यालय एकात्म परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। पार्टी द्वारा 12 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तय की गई है, जिसके तहत संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती देने पर जोर रहेगा। स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)