haribhoomi hindi news
गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत देने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग रूट से 23 समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

रायपुर। गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट से परेशान रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग रूट से 23 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इन ट्रेनों के जरिए न सिर्फ भीड़ कम होगी, बल्कि यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों तक सीधी और सुविधाजनक कनेक्टिविटी भी मिलेगी।

कुल 23 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी
मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, अप्रैल से जुलाई के बीच अलग-अलग तारीखों में कुल 23 समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जो मिलाकर 86 फेरे लगाएंगी। इन ट्रेनों के संचालन से खासकर गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इन शहरों से सीधा कनेक्शन प्रदान करेंगी ये ट्रेनें 
ये विशेष ट्रेनें रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जैसे प्रमुख स्टेशनों से चलकर हरिद्वार, हावड़ा, तिरुपति, पटना समेत कई बड़े शहरों तक सीधा कनेक्शन प्रदान करेंगी। इससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी और भीड़भाड़ में कमी आएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हर साल गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या में भारी इजाफा होता है, जिसे देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। 

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)

7