भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तत्कालीन एसडीएम SDM निर्भय कुमार साहू को ACB-EOW ने गिरफ्तार कर लिया है।

रायपुर। भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तत्कालीन एसडीएम SDM निर्भय कुमार साहू को ACB-EOW ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने उसे 17 से 30 मार्च तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। 

जांच में सामने आया है कि रायपुर-विशाखापट्नम और दुर्ग बायपास भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं। आरोपी निर्भय कुमार साहू ने अनुविभागीय अधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी, भू-अर्जन अभनपुर, जिला रायपुर के पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक और जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा।

आरोपी ने जमीनों को हिस्सों में किया विभाजित
षड्यंत्र के तहत अभनपुर तहसील के ग्राम नायकबांधा, उगेतरा, उरला, भेलवाडीह और टोकरो की जमीनों को बैक डेट में छोटे-छोटे हिस्सों में विभाजित कर दिया गया। इसके बाद वास्तविक मुआवजे से कई गुना अधिक राशि का भुगतान किया गया। इतना ही नहीं, नायकबांधा जलाशय की पहले से अधिग्रहित भूमि को भी भारतमाला परियोजना के नाम पर दोबारा अधिग्रहित दिखाकर मुआवजा दिया गया, जिससे शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंची।

सुप्रीम कोर्ट ने जमानत याचिका की ख़ारिज 
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। स्पेशल कोर्ट द्वारा आरोपी और अन्य फरार लोकसेवकों के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा भी जारी की गई थी। निर्भय कुमार साहू लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया।