पेंड्रा | पेंड्रा-कोरबा-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जहां रेत से लदा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ जड़ से उखड़ गया और पास से गुजर रही हाइटेंशन बिजली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद बिजली आपूर्ति बाधित
हादसे के चलते इलाके की बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिससे आसपास के गांवों में कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया। घटना के बाद मार्ग पर भी आवाजाही प्रभावित रही।
ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
गाड़ी नम्बर CG-10, AE-7862 ट्रेलर को भारी नुकसान पहुंचा है और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
ग्रामीणों ने संभाली स्थिति
घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा लेकिन स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सुरक्षा के लिए साड़ी बांधकर हादसे वाली जगह को घेर लिया। साथ ही, रास्ता साफ करने के लिए गिरे हुए पेड़ को हटाने का प्रयास किया, जिससे आवागमन जल्द सामान्य हो सके।
अवैध रेत परिवहन पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने क्षेत्र में जारी अवैध रेत परिवहन की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिनमें अधिकतर रेत से भरे ट्रेलर शामिल होते हैं।
प्रशासन पर नाराजगी
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। यही कारण है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जा रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)