दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र के समोदा गांव में अफीम की खेती पकड़ी गई है। आरोपी भाजपा से जुड़ा था, जिसे पार्टी ने अब निष्कासित कर दिया है।

भिलाई। दुर्ग जिले में अफीम का खेत पकड़ा गया है। एक किसान ने चारों तरफ ज्वार लगाकर बीच में अफीम उगाया था। पुलिस मौके पर पहुंचकर दबिश देकर संदिग्ध को पकड़ा है। अफीम की फसल करीब डेढ़ एकड़ में की गई है। जमीन भाजपा नेता की बताई जा रही है। मामला उजागर होने और इसे लेकर सियासत शुरू होने पर भाजपा ने आरोपी विनायक ताम्रकार को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

ताम्रकार भाजपा के किसान प्रकोष्ठ में प्रदेश संयोजक राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के पद पर था। अब इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल शनिवार की सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ समोदा गांव आर उस खेत तक पहुंच गए। उनके साथ बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और कांग्रेस कायकर्ताओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो हंगामा मच गया। 

समोदा गांव का है मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, ग्राम समोदा के एक खेत में अफीम की खेती की जा रही है। मौके पर जेवरा सिरसा पुलिस पहुंची। चेक करने पर खेती अफीम की होना पुख्ता हुआ। अफीम की खेती करने वाले ने पुलिस को भनक न लगे इस कारण पहले खेत में चारों तरफ ज्वार बोया। उसके बाद ज्वार के बीच में अफीम को छिपाकर उगाया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करना शुरु किया खेत के मालिक को पकड़कर पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि, खेत में काम करने वाले मजदूर एमपी के खंडवा के रहने वाला हैं। पुलिस एक आरोपी विनायक ताम्रकार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

बाहर से ज्वार की फसल कुछ इस तरह से दिखाई दे रही थी।

योजनाबद्ध तरीके से लगाई गई थी 
अफीम की खेती को देखकर पुलिस ने मौके पर तहसीलदार और आरआई को बुलाया। उनकी मौजूदगी में कार्रवाई की गई। ग्रामीणों के मुताबिक यह पूरी तरह से सोची-समझी साजिश के तहत अफीम उगाई जा रही थी। अफीम के खेत के पास अब बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौके पर पहुंचे।

एसपी बोले जारी है जांच
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक समोदा गांव में अफीम की खेती की सूचना पर पुलिस ने दबिश दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध युवक से पूछताछ किया जा रहा है। जिले में अफीम की खेती का पहला मामला है।

ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश करती पुलिस।