Logo
election banner
कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने चुनाव प्रचार में 21 लाख 38 हजार 273 रुपए का हिसाब दिया। वहीं भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय ने भी 23 लाख 23 हजार 382 रुपए का हिसाब दिया। 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राजनांदगांव और महासमुंद सीट पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल रहा है, इन सीटों पर पहले चरण का चुनाव प्रचार भी बुधवार शाम से समाप्त हो गया है। चुनाव के दौरान प्रत्याशियों द्वारा अपने प्रचार-प्रसार के लिए सियासी ताकत के साथ धनराशि झोंकी जा रही है। जहां तक राजनांदगांव का सवाल है, खर्च के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल और भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय के बीच कड़ा मुकाबला है, वहीं महासमुंद सीट पर भाजपा की महिला प्रत्याशी रूपकुमारी कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू से दोगुनी राशि खर्च कर रही हैं। 

राजनांदगांव सीट पर भाजपा के प्रत्याशी और 2019 का चुनाव जीतने वाले संतोष पांडेय ने पूरी ताकत झोंक रखी है। उन्होंने अपने चुनाव प्रचार में अब तक 23 लाख 23 हजार 382 रुपए खर्च का हिसाब निर्वाचन आयोग को दिया है। उनके मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल भी चुनाव प्रचार में कोई कमी रखना नहीं चाहते हैं। उन्होंने इस सीट पर अब तक 21 लाख 38 हजार 273 रुपए खर्च का हिसाब दिया है। राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि यहां का चुनावी मुकाबला इन दोनों के बीच होता दिख रहा है। हांलाकि इस सीट पर अन्य दलों व निर्दलीय भी मैदान में हैं। कांग्रेस भाजपा के मुकाबले तीसरी पार्टी के  रूप में बहुजन समाज पार्टी है। बसपा ने यहां से देवलाल सिन्हा (सोनवंशी) को मैदान में उतारा है। वे दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के मुकाबले राति खर्च करने में काफी पीछे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक केवल 83 हजर 855 रुपए खर्च किए है।

रूपकुमारी खर्च में ताम्रध्वज से दो गुना आगे

महासमुंद लोकसभा सीट से भाजपा ने पूर्व विधायक एवं महिला नेत्री रूपकुमारी को प्रत्याशी बनाया है। उनके मुकाबले कांग्रेस से ताम्रध्वज साहू है। इस सीट पर भी मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच दिख रहा है। लेकिन चुनावी खर्च की बात की जाए तो भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी ताम्रध्वज से काफी आगे चल रही हैं। उन्होंने अब तक 30 लाख 93 हजार 599 रुपए खर्च का हिसाब दिया है। वहीं ताम्रध्वज साहू ने अभी तक 16 लाख 11 हजार 607 रुपए खर्च किए है। इस सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी बसंत सिन्हा मैदान में है, वे अब तक 33 हजार 625 रुपए पार ही लगा पाए है। इस सीट पर कुछ निर्दलीय भी है जो खर्च के मामले में बहुत पीछे हैं। इनमें से एक ईश्वर मारकडेय ने 19 हजार 700 रुपए खर्च किए हैं।

5379487