होली त्योहार के दौरान रायपुर जिले में इस बार शराब की बंपर बिक्री हुई है, जिससे पिछले वर्ष का रिकॉर्ड भी टूट गया।

रायपुर। होली त्योहार के दौरान रायपुर जिले में इस बार शराब की बंपर बिक्री हुई है, जिससे पिछले वर्ष का रिकार्ड भी टूट गया। होली में पिछले वर्ष चार दिन में 57 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक की शराब का कारोबार हुआ था, वहीं चालू वर्ष में होली के 4 दिनों में 58 करोड़ 10 लाख से अधिक का कारोबार हुआ है। इस तरह पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब एक करोड़ रुपए की शराब की अधिक बिक्री हुई है, जिससे शासन को भी राजस्व के रूप में जमकर मुनाफा हुआ है। 

होली त्योहार के लिए जिले की शराब दुकानों में होलिका दहन के एक दिन पहले 1 मार्च से ही पियक्कड़ों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। इस दिन जिले में 12 करोड़ 11 लाख 28 हजार 110 रुपए की शराब की बिक्री हुई थी, वहीं 2 मार्च को 15 करोड़ 94 लाख 4 हजार 40 रुपए की बिक्री हुई है। होलिका दहन के दूसरे दिन 3 मार्च को सबसे अधिक 21 करोड़ 73 लाख 18 हजार 920 रुपए की शराब की बिक्री हुई। इसी प्रकार 4 मार्च को रंग उत्सव के दिन शराब की सभी दुकानें बंद रहीं, जिससे इस दिन शराब की बिक्री नहीं हुई, लेकिन इसके दूसरे दिन 5 मार्च को 8 करोड़ 31 लाख 82 हजार 130 रुपए की शराब की बिक्री हुई है। इस तरह जिले में 4 दिन में कुल 58 करोड़ 10 लाख 33 हजार 200 रुपए की शराब पियक्कड़ गटक गए हैं, जबकि पिछले वर्ष होली के 4 दिन में 57 करोड़ 19 लाख 10 हजार 510 रुपए की शराब बेची गई थी।

लगातार शराब बिक्री बढ़ने से सरकारी खजाना भर रहा
होली में जिस तरह से शराब की जमकर बिक्री हुई है, उससे पता चलता है कि जिले में शराब पीने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में जिलेभर में 78 शराब की देशी-विदेशी और प्रीमियम दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों में त्योहार के दौरान हर बार बिक्री बढ़ती है, जिससे शासन को राजस्व भी अधिक मिलता है। इससे सरकारी खजाना भी भर रहा है।

पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा बिक्री
रायपुर आबकारी विभाग के उपायुक्त राजेश शर्मा ने बताया कि, जिलेभर में इस बार की होली में 58 करोड़ रुपए से अधिक की शराब बिकी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ज्यादा है। इससे 91 लाख रुपए की आय भी ज्यादा हुई।