यशवंत गंजीर- कुरुद। छत्तीसगढ़ के कुरुद विधायक अजय चंद्राकर की सक्रियता और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एक बार फिर रंग लाई है। उनके विशेष पहल और अनुशंसा पर शासन ने धमतरी वनमंडल के अंतर्गत ईको-पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 45 लाख रुपये के बजट आवंटन को मंजूरी दे दी है। इस राशि से क्षेत्र के तीन प्रमुख गांवों में भव्य उद्यानों (गार्डन) का निर्माण किया जाएगा।
पर्यावरण वानिकी योजना के तहत मिली सौगात
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 'पर्यावरण वानिकी योजना' के अंतर्गत यह बजट स्वीकृत किया गया है। विधायक चंद्राकर क्षेत्र में पर्यटन स्थलों के विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रयासरत थे। उनके द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के आधार पर ही विभाग ने धमतरी और उत्तर सिंगपुर परिक्षेत्र के लिए यह महत्वपूर्ण बजट जारी किया है।
इन गांवों का होगा कायाकल्प
स्वीकृत योजना के अनुसार, धमतरी वनमंडल के तीन अलग-अलग स्थलों पर 15-15 लाख रुपये की लागत से उद्यानों का निर्माण किया जाएगा। जिसमे ग्राम परखंदा, ग्राम सेमरा बी एवं ग्राम मेघा (उत्तर सिंगपुर) विधायक की विशेष प्राथमिकता वाले इस क्षेत्र में भव्य गार्डन बनाया जाएगा।
रोजगार के खुलेंगे अवसर
इस परियोजना की खास बात यह है कि कुल 45 लाख रुपये के बजट में से 27 लाख रुपये केवल मजदूरी (लेबर) के लिए आरक्षित किए गए हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों को उनके ही गांव में सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा। शेष 18 लाख रुपये सामग्री और अन्य आपूर्तियों पर खर्च किए जाएंगे।
जनता में हर्ष की लहर
क्षेत्र के विकास में विधायक अजय चंद्राकर के इस प्रयास की सराहना करते हुए ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जिला पंचायत सभापति पूजा राजू सिन्हा, कुलेश्वरी सुनील गायकवाड़, जनपद अध्यक्ष कुरुद गीतेश्वरी हेमन्त साहू, जनपद अध्यक्ष मगरलोड वीरेंद्र साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू आदि ने विधायक चंद्राकर के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गार्डन निर्माण से न केवल बच्चों के लिए खेल-कूद का स्थान बनेगा, बल्कि बुजुर्गों के टहलने और ईको-पर्यटन की दृष्टि से भी ये गांव जिले के नक्शे पर उभरेंगे।
