कोटा। बिलासपुर कोटा ब्लॉक के बेलगहना सेक्टर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी सेक्टर सुपरवाइजर कीर्ति किरण मोंगरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया है। कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम टी. अरविंद कुमार (प्रशिक्षु IAS) को लिखित शिकायत सौंपी और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि सुपरवाइजर द्वारा उनसे लगातार पैसों की मांग की जाती है और इंकार करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। बच्चों के लिए भेजी गई खेल सामग्री के परिवहन के नाम पर भी वसूली की शिकायत, एक आंगनबाड़ी केंद्र को खिलौने नहीं देने और यह कहने का आरोप कि वहां बच्चे नहीं हैं।
रिपोर्ट और बिल में अनियमितता
शिकायत में कई वित्तीय गड़बड़ियों का उल्लेख है-
प्रति केंद्र ₹20 मासिक रिपोर्ट शुल्क की जबरन वसूली
सुपोषण चौपाल की राशि में अनियमितता
टीए बिल का भुगतान काटकर हिस्सा लेने का दबाव
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इन दबावों के चलते कार्यस्थल पर असहज वातावरण बन गया है।
परिजनों से दुर्व्यवहार का आरोप
एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें भोजन नहीं दिया गया और सुपरवाइजर द्वारा परिजनों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
SDM ने जांच का भरोसा दिलाया
एसडीएम टी. अरविंद कुमार ने बताया कि शिकायत गंभीर है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं परियोजना अधिकारी सुरुचि श्याम ने कहा कि शिकायत उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार आगे बढ़ेगी। अभी मामले में जांच जारी है, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जब तक कार्रवाई नहीं होती, वे संघर्ष जारी रखेंगे। आगामी दिनों में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)