उमेश यादव - कोरबा। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़पार बाजारपारा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक दुर्घटना हुई, जिसने पूरे गाँव को शोक में डुबो दिया। बलौदा मार्ग की ओर से रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक मकान में घुसकर आंगन में काम कर रही 25 वर्षीय गर्भवती महिला शशि बाई सूर्यवंशी की मौके पर ही जान ले ली। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया।
तेज रफ्तार ट्रेलर घर में घुसा
शनिवार लगभग 3 बजे ट्रेलर क्रमांक CG 10 BP 5301 बलौदा की ओर से गलत दिशा में आ रहा था। चालक की लापरवाही के चलते वाहन सीधे भोलाराम सूर्यवंशी के घर में घुस गया। उस समय शशि बाई रोज की तरह भोजन के बाद आंगन में बर्तन धो रही थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
गर्भवती होने से दोगुना सदमा
मृतका के ससुर भोलाराम सुरीबन्धी ने बताया कि ट्रेलर की आवाज सुनकर बच्चे घर के भीतर भाग गए, लेकिन शशि को बचाया नहीं जा सका। परिवार को यह ज्ञात था कि शशि गर्भवती थीं, जिससे पूरा परिवार सदमे से उबर नहीं पा रहा है।
अधिकारियों का मौके पर पहुंचना
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना, कुसमुंडा व दीपका थाना प्रभारी, तथा तहसीलदार अभिजीत राजभानु मौके पर पहुँचे। पूर्व सरपंच विजय मरावी भी घटना स्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
ग्रामीणों का आक्रोश और चक्काजाम
हादसे के बाद नाराज़ ग्रामीणों ने मुआवजा और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस और प्रशासन द्वारा कार्रवाई तथा प्रारंभिक सहायता के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
