महासमुंद। टेमरी नाका में वाहनों की जांच के दौरान कोमाखान पुलिस ने एक कार से 50 लाख से अधिक के 21 किलो चांदी के जेवर बरामद किए हैं। मामले में कार में सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जिले मे अवैध मादक पदार्थ एवं अन्य अवैध हथियार, सामग्रियों के परिवहन रोकथाम हेतु स्थायी चेक पोस्ट एवं मोबाईल चेक पोस्ट लगाकर आने जाने वाले छोटे-बड़े एवं संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
17 मार्च को टेमरी नाका में वाहन चेकिंग कार्रवाई के दौरान खरियार रोड ओडिशा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की सेलेरियो कार क्रमांक सीजी 04 पीवाय 7882 को रोका गया। चालक ने पूछताछ में अपना नाम टिकेश कुमार साहू पिता स्व.गिरवर लाल साहू (38 वर्ष) बाना थाना उरला जिला रायपुर (छ.ग.) व दूसरे सवार व्यक्ति ने अपना नाम वीरेंद्र प्रधान पिता स्व. दुर्योधन प्रधान (50 वर्ष) वार्ड नं. 56 मठपारा रायपुर थाना टिकरापारा जिला रायपुर (छ.ग.) होना बताए।
पुलिस कर रही जाँच
कार की तलाशी लेने पर बीच सीट में तीन बैगों में रखे सामान के संबंध में पूछताछ करने पर बैग के अंदर विभिन्न प्रकार के चांदी के फैंसी आभूषण रखना तथा ओडिशा से रायपुर लेकर जाना बताया। पुलिस ने उक्त बैगों से विभिन्न प्रकार के चांदी के फैंसी आभूषण कुल 41 पैकेट सहित वजनी 21.089 किग्रा कीमत 54 लाख 60 हजार रुपए को बरामद करते हुए चांदी के आभूषण रखने, परिवहन करने के संबंध में वैध कागजात पेश करने के संबंध में धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया। नोटिस पर वीरेंद्र प्रधान एवं टिकेश कुमार साहू द्वारा संतोषप्रद वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर गवाहों के समक्ष जब्ती की कार्रवाई की गई है।