खरोरा में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए बजट 2026-27 में 3 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। खेल मैदान का कायाकल्प और इंडोर स्टेडियम का निर्माण होगा।

खरोरा। छत्तीसगढ़ के खरोरा क्षेत्र के खेल प्रेमियों और स्थानीय खिलाड़ियों के लिए यह समय ऐतिहासिक उपलब्धियों वाला है। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के सतत प्रयासों और जनहितकारी दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप, छत्तीसगढ़ शासन के बजट 2026-27 में खरोरा में खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु एक बड़ी राशि को मंजूरी दी गई है, जिससे क्षेत्र में खेल सुविधाओं के एक नए युग की शुरुआत होगी।

मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि, मैं माननीय मुख्यमंत्री और खेल मंत्री का आभार व्यक्त करता हूँ। जिन्होंने खरोरा की इस जरूरत को समझा क्योंकि खरोरा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ी अपनी क्षमता का पूर्ण प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे एवं अभ्यास के लिए दूसरे स्थान पर जाना पड़ता था। 

मैदान के कायाकल्प और एक इंडोर स्टेडियम की मांग 
3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर से न केवल स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा, बल्कि वे राष्ट्रीय स्तर पर खरोरा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि, मैं हमेशा कहता हूँ कि, किसी भी क्षेत्र की असली पहचान वहां के युवाओं के पसीने और उनकी प्रतिभा से होती है। लंबे समय से हमारे खरोरा के वार्ड नंबर 2 के खेल मैदान के कायाकल्प और एक इंडोर स्टेडियम की मांग आप सभी कर रहे थे। 

गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आएगी- शर्मा 
यह केवल एक बजट की स्वीकृति नहीं है, बल्कि खरोरा के भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। अब हमारे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अब बारिश हो या धूप, इंडोर स्टेडियम की सुविधा से हमारे खिलाड़ी साल के 365 दिन अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। यह 3 करोड़ रुपये केवल ईंट और पत्थर के निर्माण के लिए नहीं हैं, बल्कि ये आपके सपनों की बुनियाद हैं। मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूँ कि, इस काम की गुणवत्ता में कोई कमी नहीं आएगी और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।

खरोरा अब खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान गढ़ेगा
बजट में राशि की स्वीकृति की खबर मिलते ही खरोरा के खेल प्रेमियों, युवाओं और स्थानीय निवासियों में हर्ष का माहौल है। वार्ड क्रमांक 02 सहित पूरे नगर के नागरिकों ने विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की जा रही थी, जिसे विधायक ने गंभीरता से लेते हुए पूरा किया है।