संजय यादव- कवर्धा। अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस ने लगातार अभियान चला रखा है। इसी क्रम में कवर्धा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया गया है।
पहली कार्रवाई शिवाजी कॉलोनी में की गई है। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वार्ड क्रमांक 1 शिवाजी कॉलोनी, कवर्धा में दबिश दी। यहां नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष), पति विक्रम गुप्ता, को अपने घर के सामने अवैध रूप से अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगद रकम एवं पेन जब्त किया गया। उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
देवारपारा से भी महिला सटोरिया गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई पुलिस ने लोहाराना देवारपारा में की। वार्ड क्रमांक 5 लोहाराना का देवारपारा, कवर्धा निवासी पूजा बांधेकर (28 वर्ष), पत्नी संदीप बांधेकर, को अलग प्रकरण में सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध पृथक अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए चल रहा था सट्टा नेटवर्क
आशीष शुक्ला डीएसपी कवर्धा ने बताया कि, दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विभिन्न ग्रुपों के माध्यम से अलग-अलग “खाईवाली” कर सट्टा संचालन कर रही थीं। उनके माध्यम से सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि शीघ्र ही अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
