अजय सूर्यवंशी- जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने और उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी आरोपी लक्ष्मण कुमार यादव (22 वर्ष) ने उससे शारीरिक संबंध बनाए। दरअसल, आरोपी ने पीड़िता को शादी शादी का भरोसा दिलाकर 18 नवंबर 2025 से 4 फरवरी 2026 के बीच कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी लगातार उसे शादी का आश्वासन देता रहा, लेकिन बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया और बातचीत भी बंद कर दी।
झूठे आश्वासन के कारण शिकायत में हुई देरी
पीड़िता के अनुसार, इस घटना के कारण वह वर्तमान में लगभग दो माह से अधिक की गर्भवती है। उसने यह भी बताया कि, आरोपी के झूठे आश्वासन के कारण ही शिकायत दर्ज कराने में देरी हुई। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत आरोपी और पीड़िता के घर पर अलग-अलग समय में हुई।
आगे की जांच में जुटी पुलिस
एसडीओपी ध्रुवेश कुमार जायसवाल ने बताया कि, पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।