छत्तीसगढ़ कैडर के 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास कुमार को केंद्र सरकार ने अहम जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान में रायपुर पुलिस कमिश्नरी में डिप्टी कमिश्नर (यातायात) के पद पर पदस्थ विकास कुमार को प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में नियुक्त किया गया है। इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्य सचिव को भेजा गया आधिकारिक पत्र
केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने विकास कुमार, IPS (CH:2020) को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के सामान्य नियमों और शर्तों के तहत NIA में शामिल करने की स्वीकृति प्रदान की है। साथ ही राज्य सरकार से अनुरोध किया गया है कि उन्हें तत्काल कार्यमुक्त किया जाए, ताकि वे केंद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें।
लोहारीडीह कांड से जुड़े रहे सुर्खियों में
विकास कुमार अपने कार्यकाल के दौरान कई मामलों को लेकर चर्चा में रहे हैं। खासकर कवर्धा के चर्चित लोहारीडीह कांड के समय वे एडिशनल एसपी के पद पर तैनात थे। इस मामले के बाद उन्हें निलंबित किया गया था और कुछ समय तक पुलिस मुख्यालय में अटैच रखा गया, जिससे वे सुर्खियों में रहे।
क्लीनचिट के बाद फिर मिली जिम्मेदारी
जांच में क्लीनचिट मिलने के बाद विकास कुमार की दोबारा पदस्थापना की गई। पहले उन्हें पुलिस मुख्यालय (PHQ) में जिम्मेदारी दी गई और बाद में रायपुर पुलिस कमिश्नरी में डिप्टी कमिश्नर (यातायात) के रूप में नियुक्त किया गया। अब NIA में उनकी नियुक्ति को उनके करियर की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)