गरियाबंद जिला कांग्रेस कमेटी का विस्तार कर दिया गया है। अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के प्रस्ताव पर प्रदेश नेतृत्व की मुहर लग गई है।

गोरेलाल सिन्हा- गरियाबंद। जिला कांग्रेस कमेटी गरियाबंद का संगठनात्मक विस्तार करते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने सूची को अनुमोदित कर जारी किया। सभी नाम जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा द्वारा प्रस्तावित किए गए थे, जिन्हें प्रदेश नेतृत्व की स्वीकृति के बाद औपचारिक रूप से घोषित किया गया।

नई टीम में कुल 60 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें सर्वाधिक 20 सचिव और 17 महामंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा 12 उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष और 10 कार्यकारी सदस्यों की नियुक्ति की गई है। संगठन का दावा है कि नई कार्यकारिणी जिले में पार्टी को मजबूती देने के साथ ही सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रभावी भूमिका निभाएगी। 

आबिद ढेबर बने कोषाध्यक्ष
जिला कांग्रेस में कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आबिद ढेबर को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में संगठन की वित्तीय व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर रहेगा।

12 उपाध्यक्षों की नियुक्ति
नवनियुक्त उपाध्यक्षों में तपेश्वर ठाकुर, पुष्पा साहू, सन्नी मेमन, पवन सोनकर सहित अन्य शामिल हैं।

17 महामंत्री संभालेंगे दायित्व
महामंत्री पद पर ठाकुर ओंकार सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हाफिज खान, छगन यादव, नीरज ठाकुर, पन्ना लाल ध्रुव, चेतन सिन्हा समेत अन्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

10 कार्यकारी सदस्य घोषित
कार्यकारी सदस्यों में होमन साहू, रोशनी गोस्वामी, योगेश्वरी साहू सहित अन्य नाम शामिल हैं। जिला कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि नई टीम के गठन से संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी आएगी और जिले में चल रहे जनसरोकार के मुद्दों पर पार्टी और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी। हाल के दिनों में कांग्रेस द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर किए गए प्रदर्शनों के बीच इस विस्तार को संगठन की मजबूती की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।