छत्तीसगढ़ का प्रमुख लोकपर्व छेरछेरा : जानिए इसकी पौराणिकता और सांस्कृतिक महत्व

Folk festival Cherchera
X
छेरछेरा मांगने वाली बच्चों की टोली
बलौदाबाजार में धूमधाम के साथ छेरछेरा लोकपर्व मनाया जा रहा है। ऐसे में आइये जानते हैं इस पर्व का पौराणिकता और सांस्कृतिक महत्त्व के बारे में।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में छेरछेरा पर्व बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर छेरछेरा मांगने वाली टोलियां शहर की गलियों में घूम- घुमकर धान मांग रही है। वहीं इस दौरान लोग भी पर्व की ख़ुशी में धान दान कर रहे हैं। बता दें कि, यह त्योहार मुख्य रूप से दान और फसल उत्सव के रूप में जाना जाता है। पौष मास की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व का खास महत्व है।

छेरछेरा के दिन लोग अपने घरों में आई नई फसल को बांटकर समाज में समानता, दानशीलता और भाईचारे का संदेश देते हैं। छेरछेरा पर्व पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं की टोलियां गांवों और शहरों में ‘छेरछेरा, कोठी के धान ल हेरहेरा’ कहते हुए घर-घर जाकर दान मांगती हैं। लोग इन टोलियों को धान, अनाज, साग-भाजी, फल और पैसे खुशी-खुशी दान में देते हैं। यह पर्व आत्मीयता, सहयोग और समर्पण की भावना को प्रकट करता है।

इसे भी पढ़ें....छेरछेरा पर्व की सीएम साय ने दी बधाई : प्रदेशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा छेरछेरा त्योहार

पर्व की पौराणिक मान्यता

छेरछेरा पर्व को लेकर कई पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं। एक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान शिव ने माता अन्नपूर्णा से भिक्षा मांगी थी। इसीलिए इस दिन लोग दान को पुण्य का कार्य मानते हैं। साथ ही, इस दिन को मां शाकंभरी जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। छेरछेरा पर्व नई फसल के घर आने की खुशी को भी दर्शाता है। यह त्योहार किसानों के लिए खास महत्व रखता है क्योंकि यह उनकी मेहनत और फसल की समृद्धि का उत्सव है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इस दिन को खलिहानों और घरों में धान दान करके मनाते हैं।

Folk festival Cherchera
गलियों में छेरछेरा मांगती हुई टोली

सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व

छेरछेरा पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। यह त्योहार सामाजिक समरसता और एकता को बढ़ावा देता है। इस पर्व के जरिए समाज के हर वर्ग को यह संदेश दिया जाता है कि संपन्न लोग जरूरतमंदों की मदद करें। दान देने की परंपरा से सामाजिक समानता और आपसी सहयोग की भावना प्रबल होती है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस वर्ष से छेरछेरा पर्व पर सामान्य अवकाश घोषित किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को इस पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story