चुनावी संवाद : सोचा नहीं था लेकिन टिकट मिली, माहौल देखकर कह सकता हूं कि मैं जीत रहा हूं

Congress candidate from Mahasamund Tamradhwaj Sahu, Haribhoomi and INH Editor-in-Chief Dr. Himanshu
X
महासमुंद से कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू से डॉ.हिमांशु द्विवेदी का चुनावी संवाद
Exclusive : महासमुंद से कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने 'सार्थक संवाद' शो में ख़ास बातचीत। हां देखें वीडियो

रायपुर। महासमुंद लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू ने कहा, यहां की जनता से मैं राजनीतिक नहीं, पारिवारिक रिश्ता बनाने आया हूं। यहां की जनता के मान-सम्मान के लिए काम करूंगा। अपने संसदीय कार्यकाल में अच्छा काम करने का प्रयास करूंगा। मुझे आप अपने परिवार का सदस्य मानकर जिताएं। उन्होंने कहा, चुनाव लड़ने के संबंध में मैंने सोचा नहीं था। पार्टी ने मेरे नाम पर तीन-तीन लोकसभा क्षेत्रों में विचार किया। महासमुंद के लोगों ने भी मेरे नाम का प्रस्ताव दिया, उसके आधार पर चुनाव लड़ रहा हूं। चुनावी संवाद में महासमुंद लोकसभा प्रत्याशी से हरिभूमि-आईएनएच न्यूज के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने चर्चा की। पेश है उनसे हुई बातचीत के कुछ अंश।

सवाल- ताम्रध्वज साहू को हमेशा नए-नए क्षेत्र से मौका दिया जाता है। अब वे महासमुंद में घूम रहे हैं, ऐसा क्यों?

जवाब- मैं नहीं चाहता कि नए क्षेत्र में जाऊं, पुरानी जगह से चुनाव लड्डू, यह चाहता हूं, लेकिन पार्टी जहां से कहती है, वहां से चुनाव लड़ता हूं। पार्टी मेरी बेहतरी के लिए मुझे नई जगहों पर भेजती है। जहां मैं जाता हूं, वहां पारिवारिक रिश्ता बनाता हूं, राजनीतिक नहीं। पार्टी के लिए एक-एक सीट महत्त्वपूर्ण होती है। मुझे निपटाने के लिए यहां नहीं भेजा है। मैंने लोकसभा चुनाव लड़ने के संबंध में सोचा नहीं था। मैं पार्टी संगठन में काम करने के लिए तैयार था, लेकिन मेरा नाम कई जगहों से आया और मुझे यहां से चुनाव लड़ने का निर्देश पार्टी से मिला।

सवाल- आपको दुर्ग से महासमुंद क्यों खिसका दिया गया?

जवाब- मेरा एक ही उद्देश्य रहता है, मैं पार्टी के निर्देश मानता हूं। पार्टी संगठन में मैंने काम किया। जो अच्छा होगा, वही काम कर रहा हूं। 8 मार्च को मेरे नाम की घोषणा हुई, महासमुंद के लोग मिलने आए, तब से लेकर क्षेत्र में घूम रहा हूं। यहां की जनता अच्छी है। यह बहुत अच्छा क्षेत्र है, यह कांग्रेस का गढ़ है। पिछले 15 साल से यहां भाजपा कैसे आई, यह नहीं जानता।

सवाल- यह लोकसभा क्षेत्र शुक्ल परिवार का गढ़ रहा है। उनके परिवार के लोग आपको मदद कर रहे हैं या नहीं।

जवाब- यह शुक्ल परिवार का गढ़ रहा है। उनके परिवार से अमितेष शुक्ल सक्रिय राजनीति में हैं। वे इस चुनाव में महासमुंद क्षेत्र के प्रभारी भी हैं। वे यहां पर मेरे साथ और अकेले भी प्रचार कर रहे हैं। उनका पूरा सहयोग मिल रहा है। यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।

सवाल- भाजपा वालों से कोई सहयोग मिला या कांग्रेस के लोगों से, कैसा सहयोग मिल रहा है?

जवाब - भाजपा के लोग जो मुझे पसंद करते हों, वे मेरा समर्थन करेंगे। अभी कांग्रेस के लोगों के साथ घूम रहा हूं। यहां पर मैं अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रहा हूं।

सवाल- भाजपा प्रत्याशी को आप अपने सामने कैसा मानते हैं? कांग्रेस के कई नेता भाजपा प्रवेश कर रहे हैं, पार्टी के लोगों का सहयोग मिल रहा कि नहीं?

जवाब- भाजपा प्रत्याशी के बारे में मैं कुछ नहीं कहूंगा। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में एक व्यक्ति जाता है, पूरी पार्टी नहीं जाती। कांग्रेस के जो लोग भाजपा प्रवेश कर रहे हैं, वह उनका व्यक्तिगत मामला है। इस चुनाव में कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी। यह इसलिए बनेगी कि भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल में कथनी और करनी में अंतर है। कांग्रेस ने जो काम किया, उसे देखकर लोग इंडिया गठबंधन और कांग्रेस का समर्थन करेंगे।

सवाल- आप यहां से चुनाव जीतेंगे, इसके लिए कितने आश्वस्त है?

जवाब- राज्य में विधानसभा चुनाव के समय मतदाता का रुख अलग-अलग रहता है। मेरे जीतने का सवाल है, दौरा करते हैं, उस दौरान जो अनुभव करते हैं, उसके आधार पर कह सकते हैं कि वहां की जनता मुझे जिताएगी। मैं बहुत सहज व्यक्ति हूं। सहजता और सरलता मेरी पूंजी है। उससे बाहर जाना भी नहीं चाहता। संगठन का निर्देश मानता हूं। मुझे किसी को कमजोर साबित कर दमदार नहीं बनना है। कोई किसी को ठीक करेगा या नहीं, यह चुनौती वाली बात किसी को नहीं करनी चाहिए। समय और परिस्थितियां बनाती- बिगाड़ती हैं। छोटा व्यक्ति भी बड़े व्यक्ति को गिराता और झुकाता है, हरा देता है। इतिहास में ऐसे कई मौके आए। घमंड वाली बात व्यक्ति को नहीं करनी चाहिए।

सवाल- महासमुंद की जनता आपको क्यों जिताए, इसके लिए क्या कहेंगे?

जवाब- आम लोगों के लिए हमेशा उपलब्ध रहूंगा, इसका भरोसा दिलाता हूं। यहां के लोग जहां और जैसे चाहें, मिल सकते हैं। जनता विकास के लिए जनप्रतिनिधि चुनती है, चुनाव जीतने के बाद आपके साथ बैठकर गांव की समस्या और राज्य तथा देश के स्तर की चर्चा आम लोगों से कर काम किया जाएगा। मैं भी एक मतदाता था, तो जो मैं चाहता था, वैसा काम करने का विश्वास लोगों को दिलाता हूं।

सवाल- भाजपा प्रत्याशी से आप किस तरह आगे चल रहे है?

जवाब- विकास के कार्यों को लेकर जहां जैसी परिस्थिति दिखती है, वहां उस तरह से काम करता हूं। यहां की जनता मुझे पसंद कर रही है, पहले वाले नेता ने अच्छा काम नहीं किया, उसे देखते हुए लग रहा है।

सवाल- भाजपा सरकार की योजनाएं कितना परेशान कर रही है?

जवाब- नई सरकार को अभी तीन माह हुए हैं। यहां पर 15 साल भाजपा के कार्यकाल के बारे में जनता को बताते हैं। भाजपा के कैंपेन के बाद भी सरकार बदली। अब विष्णुदेव साय सरकार पांच साल के लिए बनी है। देश से मोदी सरकार जाने का समय आ गया है।

सवाल- महासमुंद की जनता के लिए ताम्रध्वज का संदेश...

जवाब- महासमुंद की जनता से यह निवेदन है कि वर्तमान में कांग्रेस ने मुझे महासमुंद क्षेत्र की सेवा करने का मौका दिया है। मैं आपके बीच रहूंगा। मैं राजनीतिक नहीं, पारिवारिक रिश्ता बनाता हूं। मैं यहां की जनता के मान-सम्मान के लिए काम करूंगा। अपने संसदीय कार्यकाल में अच्छा काम करने का प्रयास करूंगा। मुझे आप अपने परिवार का सदस्य मानकर जिताएं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story