चुनावी संवाद : देश का बजट 48 लाख करोड़ है, 70 करोड़ महिलाएं हैं, कहां से लाएगी कांग्रेस 70 लाख करोड़

Election Dialogue, Haribhoomi and INH editor-in-chief Dr. Himanshu Dwivedi,BJPs state election in-c
X
भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी नितिन नवीन से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी का चुनावी संवाद
Exclusive : भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी नितिन नवीन से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने 'सार्थक संवाद' शो में ख़ास बातचीत । यहां देखें वीडियो-

रायपुर। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी और बिहार के मंत्री नितिन नवीन का कहना है कि कांग्रेस की महिलाओं को एक-एक लाख देने की योजना पूरी तरह से हवा हवाई है। देश का बजट 48 लाख करोड़ का है, देश में 70 करोड़ महिलाओं की आबादी है, कांग्रेस बताएं 70 लाख करोड़ कहां से लाकर देगी महिलाओं को। कोई भी योजना बनाने से पहले यह तो देखना रहता है कि पैसा कहां से आएगा। हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी से चुनावी संवाद में उनसे हुई बातचीत प्रस्तुत है।

■ नींद कितनी उड़ी हुई है आपकी, विधानसभा चुनाव के बाद सो भी नहीं पाएं होंगे लोकसभा का चुनाव आ गया ?

■ नींद हमारी उड़ी हुई नहीं है। हमारे कार्यकर्ता मेहनतकश हैं। लगातार मेहनत करके प्रदेश में सरकार बनाने का काम किया है। हम वो लोग हैं जो एक सफलता के बाद अगली सफलता के लिए संघर्ष करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। हमारे प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष हमेशा एक नई चुनौती को सामने रखते हैं। हम लोग भी उनकी प्रेरणा से काम करने वाले लोग हैं। किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है। सभी काम में लगे हैं।

■ छत्तीसगढ़ में 11 में से 9 सीटों पर नए चेहरों को मैदान में उतारने का कारण क्या है ?

■भाजपा में कई बार अलग-अलग निर्णय होते हैं। दिल्ली नगर निगम में पार्टी ने एक बार तय किया जितने भी पार्षद हैं वो चुनाव लड़वाने का काम करेंगे और नए चेहरे चुनाव लड़ेंगे। कई बार लोग संगठन में भेजे जाते हैं, कई बार सरकार में भेजे जाते हैं। पार्टी अपना आकलन करके तय करती है कि किसको क्या जिम्मेदारी देनी है।

■ एक तरफ आप लोग 25 करोड़ को गरीबी से बाहर बताते हैं, एक तरफ 80 करोड़ को मुफ्त राशन की बात करते हैं, यह तो विरोधाभास है?

■ कोरोनाकाल में हर व्यक्ति एक वक्त के खाने के लिए परेशान था, तब प्रधानमंत्री ने देश के ऐसे व्यक्तियों की चिंता करने का काम किया। पीडीएस के माध्यम से हम 80 करोड़ परिवारों की सेवा कर रहे हैं। आज अगर 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं तो यह भी हमारी उपलब्धि है।

■राहुल गांधी कहते हैं सरकार बनी तो महिलाओं को एक-एक लाख रुपए साल का देंगे ?

■ पांच साल में ये छत्तीसगढ़ में महिलाओं को पांच सौ रुपए नहीं दे पाएं। हमारी सरकार बनने पर हमने वादे के मुताबिक महिलाओं को एक-एक हजार देना प्रारंभ कर दिया है। तीन किस्त भी मिल गई हैं। जहां तक कांग्रेस की योजना का सवाल है तो कांग्रेस को बताना चाहिए, देश का बजट है 48 लाख करोड़ का और देश में महिलाओं की आबादी है 70 करोड़, ये इनको देने के लिए कहां से पैसा लाएंगे। ये 70 लाख करोड़ कहां से लाएंगे। कौन से घोटाले से लाएंगे। कॉमनवेल्थ घोटाले से या और किसी घोटाले से। पैसा कहां से लाकर देंगे बताना पड़ेगा न। एक बात और है आज देश में मोदी की गारंटी चलती है। राहुल की बात पर कौन भरोसा करता है। राहुल गांधी तो पार्टी के लोगों के साथ न्याय नहीं कर पाएं हैं तो देश की जनता के साथ क्या न्याय करेंगे।

■ जब मोदी की गारंटी चल रही है, सब अच्छा चल रहा है तो फिर कांग्रेसियों को क्यों कर भाजपा में लिया जा रहा है?

■ आज मोदी जी के रास्ते को देखते हुए लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। आज कांग्रेस के लोग भी मोदी के कारण भाजपा में आ रहे हैं। मोदी जी की योजनाएं अच्छी हैं. नीयत सही है, सारे काम सही और अच्छे हैं। सबको पसंद आ रहे हैं। आज लोग भाजपा से लगातार जुड़ना चाह रहे हैं। जो भाजपा में आ रहे हैं, उन्होंने अपने विचारों का परित्याग किया है तब भाजपा में आ रहे हैं। अपना विस्तार करने के लिए अपना विचार नहीं छोड़ा है। जो साथ आ रहे हैं, हमारे विचारों से ही सहमत होकर आ रहे हैं।

■ कांग्रेस की सूची देखकर कितना घबराएं नितिन नवीन?

■ हमने देखा कांग्रेस ने उसी टोली को मैदान में उतारा है, जिसने छत्तीसगढ़ की जनता का पैसा लूटने का काम किया है। कांग्रेस को जब लंबे समय तक प्रत्याशी नहीं मिले तो उन्हीं माफियाओं को उतारने का काम किया, जो लंबे समय तक राज्य को लूटने का काम कर रहे थे। आखिर भूपेश बघेल से राजनांदगांव में उनके ही कार्यकर्ता ने क्या सवाल किया, आप कभी यहां आएं नहीं और अब चुनाव लड़ना है तो हमारी याद आई है।

■आपको सरकार लाचार क्यों है, देश में आपकी सरकार, राज्य में आपकी सरकार, आप जिन लोगों द्वारा राज्य को लूटने का काम करना बता रहे है, ऐसे लोगों को जेल में होना था, फिर ये चुनाव के मैदान में क्यों है?

■ जब इंडी और आईटी की दस्तक होती है ये लोग बेचैन हो जाते हैं। हमारे मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। अभी तो चार माह की सरकार हुई है। आप चिंता क्यों कर रहे हैं. जिन्होंने भी गरीब का पैसा लिया है किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। कोई संसद का जाए या कोई भी सपना देखले, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसको सजा तो मिलेगी ही।

■ जब चरणदास महंत ने कहा, मोदी जी को ठीक करने के लिए भूपेश बघेल को दिल्ली भेजना है, इसके बारे में क्या कहते हैं?

■ पहली बार देख रहे हैं. छत्तीसगढ़ में इस तरह से माषा की मर्यादा टूट रही है। जब-जब लोगों ने मोदी जी को गाली देने का काम किया है. उनको जनता ने जवाब दिया है। इनको भी जनता करारा जवाब देगी।

■ पिछले लोकसभा चुनाव में भी मोदी की लहर थी, उस समय बस्तर और कोरबा हार गए, क्या कहते है?

■ हमारा रिकार्ड अच्छा है. इस बार ऐसा नहीं होगा। एक प्रमारी के रूप में में कह सकता हूं, इस बार सभी सीटें जीत रहे हैं। हमारी सरकार ने अपने वादों को पूरा किया है। किसी भी सभा में देख लें जब हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंच पर आते हैं तो किस तरह से छत्तीसगढ़ की महतारी उनको अपना आशीर्वाद देती हैं। किसानों का भी आशीर्वाद मिल रहा है।

■ एक तरफ नए चेहरे है, एक तरफ कोरबा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को मैदान में उतारा है?

■ मैं आपको बताता हूं। बस्तर में हमने एक मंडन अध्यक्ष को मैदान में उतारा था. उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज को हराने का काम किया है। हमारा राष्ट्रीय नेतृत्व सरोज पांडेय को राष्ट्रीय स्तर पर देखता है। कई राष्ट्रीय स्तर के काम किार है। छत्तीसगढ़ में भी वह काम कर रही है। उनकी यहां पर लोकप्रियता है। कोरबा प्रभारी बनाकर पार्टी ने पांच साल वहां पर पहले ही काम करवाया है। तब पार्टी ने फैसला किया है कि उनको कोरबा से चुनाव लड़वाना है। पार्टी का फैसला बिना किसी आधार के नहीं होता है।

■ साय सरकार को लेकर क्या कहेंगे?

■ वास्तव में ईश्वरी निर्णय है। साय सरकार का काम बहुत अच्छा चल रहा है। श्री साय अच्छी छवि के भी मालिक हैं। वो संगठन को भी समझते हैं। सांसद रहे हैं. केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। अनुभव भी है, व्यवहार कुशल भी हैं। समाज के दर्द को समझते हैं, प्रशासन को भी समझते हैं।

■ चुनाव के नतीजों के साथ मंत्रियों के काम का मूल्यांकन होगा या नहीं होगा?

■ हर किसी को एक लक्ष्य दिया जाता है, चाहे वह विधायक हो या मंत्री हो। इसके बाद काम का मूल्यांकन तो होता है। मेरे भी काम का मूल्यांकन होता है। मुझे जो काम दिया गया था, उस पर में कितना खरा उतरा। मुख्यमंत्री के काम का भी मूल्यांकन होता है, मंत्रियों के काम का भी मूल्यांकन होता है, प्रदेशाध्यक्ष के काम का भी मूल्यांकन होता है। एक-एक मंत्री को जिम्मेदारी दी गई है। इसमें संदेह नहीं है चुनाव परिणाम के बाद तो मूल्यांकन होना ही है। हमेशा से यह होता रहा है, इसमें नया कुछ नहीं है।

■ अटल जी ने कहा था, 11 सीटें दे दें राज्य बना देंगे, राज्य तो बन गया लेकिन आज तक 11 सीटें नहीं जीत सके, इस बार क्या कहते हैं, अटल जी का सपना सच होगा?

■ अटल जी के सपनों को पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ता और हम लोग जुटे हुए हैं। इस बार 11 सीटें जीतने का यह सपना पूरा होगा इसके लिए में पूरी तरह से आश्वस्त हूं।

■मोदी की गारंटी को पूरा करना क्या मुख्यमंत्री साय की उपलब्धि मानते है?

■ इतने कम समय में गारंटी को पूरा करना मुख्यमंत्री की उपलब्धि है। मुख्यमंत्री की यह बड़ी उपलब्धि है कि केंद्र सरकार की मदद से लगातार नक्सलियों पर कार्रवाई हो रही है। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए काम कर रही है। हमारे मुख्यमंत्री कहते हैं, नक्सलवाद को समाप्त करने में कहीं कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा। डा. रमन सिंह की सरकार में सरगुजा से नक्सलवाद समाप्त हुआ था, अब साय सरकार में बस्तर से नक्सलवाद समाप्त होगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story