जगदलपुर। शहर के लालबाग स्थित शौर्य भवन में गुरूवार को आईएनएच और हरिभूमि के जिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधान संपादक डॉ हिमांशु द्विवेदी के द्वारा पूछे गए सवाल-जवाब कार्यक्रम में वनमंत्री केदार कश्यप और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि अगले महीने की 31 तारीख को नक्सलवाद पूरी तरह से खत्म हो जाएगा। उसके बाद विकास का नया सूरज बस्तर में उगेगा।छत्तीसगढ़ हमने बनाया और यहां की दशकों पुरानी समस्या का समाधान भी हमारी केंद्र और राज्य में बैठी सरकार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गृहमंत्री अमित शाह ने नासूर बने नक्सल समस्या को समूल नाश करने का ऐलान किया है। इसके लिए दोनों सरकारें और फील्ड में तैनात सुरक्षाबल लगातार काम करते हुए इस संकल्प को पूरा करने में जुटी हुई है।
भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही सब कुछ होता है : किरण देव
राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करते हैं किसे क्या दायित्व मिले : डॉ हिमांशु द्विवेदी के सत्ता संगठन के प्रभाव और दायित्व को लेकर पूछे गए तीखे सवाल पर विधायक किरण सिंह देव ने शालीनता पूर्वक जवाब में कहा कि, भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां कार्यकर्ता ही सब कुछ होता है। आज यदि हम केंद्र, राज्य, नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भारी मतों से जीतकर सत्ता में बैठे हैं तो इसका श्रेय कर्मठ कार्यकर्ताओं को जाता है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही सत्ता में बैठे लोग अपने कर्तव्यों का पालन सही ढंग से कर पाते हैं। संगठन का दायित्व मुझे मिला है और क्षेत्र का विधायक भी हूं, इसलिए समन्वय बनाकर अपने कार्य को पूरा करता हूं। ऐसा नहीं है कि प्रदेश अध्यक्ष होने का अतिरिक्त लाभ मुझे मिलता हो। सभी क्षेत्र का समग्र रूप से विकास हो यह हमारी पार्टी की सोच है। संगठन में काम करने वाले ही सत्ता तक पहुंचते हैं। हमारे मुख्यमंत्री 3 बार प्रदेश अध्यक्ष रहे, उपमुख्यमंत्री अरूण साव भी रहे। कई मंत्री संगठन के कार्य के बल पर आज विधायक बनकर मंत्री के पद पर हैं।
जहां अशांति और आतंक के कारण विकास ठप था, वहां अब खुशहाली
दो साल के कार्यकाल के बाद कितना आगे टिके रहेंगे, इस सवाल के जवाब में केदार कश्यप ने कहा, नक्सलवाद के दर्द से छुटकारा का अवसर अब मिला है। सपने में भी नहीं सोचा था कि इतनी जल्दी साकार होगा। लेकिन, अमित शाह के संकल्प को हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पूरा करने लगातार जुटे हुए हैं। अब बस्तर के पर्यटन स्थलों को विकसित करने का काम किया जा रहा है। जहां अशांति और आतंक के कारण विकास ठप था, वहां अब खुशहाली आ रही है। बीजेपी ऐसी पार्टी है, जहां द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति और युवा नेता नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया जाता है। नितिन नबीन अजातशत्रु की तरह 24 घंटे काम करते रहते है। हिड़मा के गांव पूर्वर्ती में जहां न सड़क थी न बिजली। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल थे वहां अस्पताल और साप्ताहिक बाजार खुल गए है। बीजापुर जिले के अति-संवेदनशील क्षेत्र में यहां तक की नदी पार के अबूझमाड़ इलाके तक 70 से अधिक ऐसे गांव जो टापू बन जाते थे, वहां सड़कों का जाल बिछ रहा है। धर्मांतरण के सवाल पर कहा कि लंबे समय से लड़ रहे हैं आगे भी लड़ाई जारी रहेगी। सरकार पूरी तरह अंकुश नहीं लगा सकती इसलिए समाजों को इसे सामाजिक दायित्व समझकर काम करना पड़ेगा।
गंगाजल हाथ में लेकर बोले और भूल गए, इसलिए कांग्रेस सत्ता से बाहर
5 साल सत्ता में रहने के बाद कांग्रेस के आउट होने के सवाल पर कहा कि कई घोटाले और 36 वायदों को पूरा नहीं करना, गंगाजल हाथ में लेकर कहना और भूल जाना, इसलिए कांग्रेस आज सत्ता से बाहर है। विधानसभा सत्र में भाजपा के ही कुछ विधायकों के विपक्ष की भूमिका पर कहा कि मुखरता से बात कहना कोई विरोध वाली बात नहीं है। सबको अपने क्षेत्र की समस्या रखने का अवसर मिलता है, इसलिए उनके शब्द मुखरित हो जाते हैं इसलिए ऐसा लगता है। एक तीखे सवाल के जवाब में कहा कि जनता के बीच जाने पर सटीक उत्तर मिलेगा। विकास कार्य को लेकर कोई समझौता नहीं करता। जगदलपुर विधानसभा का सुदूर वनांचल क्षेत्र चेरबहार कैकागढ़ से लौटा हूं। गांव गांव में चौपाल लगाकर सीधे संवाद जनता से हम करते हैं। इसलिए दोनों के बीच दूरी नहीं रहती।
नगरीय क्षेत्रों में 183 करोड़, ग्रामीण क्षेत्र में 583 करोड़ के काम स्वीकृत हुए
दो साल के कार्यकाल में नगरीय क्षेत्र में 183 करोड़ और ग्रामीण क्षेत्र में 583 करोड़ के काम स्वीकृत हुए हैं। 3 साल के बचे कार्यकाल में पूर्ण विश्वास है कि सभी काम पूरे हो जाएंगे। ट्रांसपोर्ट नगर की पहल मेरे महापौर रहते 4 किलोमीटर दूर बनाए गए। 2 एकड़ का क्षेत्र कम होने के कारण सरगीपाल से आगे जाटम में नया स्थल पर बनाएंगे। रात में विमान उतरने के लिए अभी समय लगेगा। नाइट लैंडिंग नया एयरपोर्ट बनने से होगा, इस पर सरकार गंभीर है। पिछले विधानसभा चुनाव में हारे प्रत्याशी जतीन जायसवाल के यह कहने पर कि 3 साल बाद भूपेश बघेल सीएम बनेंगे। इस सवाल पर कहा कि इसके अलावा और क्या कह सकते है। जनता के हाथ में सबकुछ है कांग्रेस के 5 साल के शासन में जनता ने त्रासदी झेली है। इसलिए जनता ने उन्हें नकार दिया। मैं तो कहूंगा बार बार बीजेपी की सरकार आएगी। डॉ हिमांशु द्विवेदी के सवाल दीपक बैज भी प्रदेश अध्यक्ष हैं, उनका राजनीतिक भविष्य क्या दिखता हैं। इस पर किरण देव ने कहा यह हम कैसे तय करेंगे। पिछले चुनाव में मंडल अध्यक्ष रहे प्रत्याशी ने उन्हें हराया था।