धमतरी जिले के महिमासागर वार्ड स्थित शीतला तालाब में हजारों मछलियों की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। जिससे इलाके में तेज बदबू फैल गई।

सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में महिमासागर वार्ड स्थित शीतला तालाब में अचानक हजारों मछलियों की मौत से हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह जब स्थानिय लोगों ने तालाब में बड़ी संख्या में मृत मछलियों को तैरते देखा, तो तुरंत इसकी सूचना नगर निगम और प्रशासन को दी गई। देखते ही देखते पूरे इलाके में तेज बदबू फैल गई, जिससे आसपास के रहवासियों का जीना मुश्किल हो गया है।

ऑक्सीजन की कमी माना जा रही मौत की वजह 
मिली जानकारी के अनुसार, प्राथमिक जांच में मछलियों की मौत का कारण पानी में ऑक्सीजन की कमी माना जा रहा है। गर्मी के बढ़ते असर और तालाब के पानी में गंदगी बढ़ने के चलते यह स्थिति बनी होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और तालाब की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।

भटकी हुई नीलगाय की मौत 
वहीं बालोद जिले में वन्यजीवों के शहरी क्षेत्रों की ओर भटकने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में एक दुखद मामला सामने आया है, जहां शहर से लगे ग्राम खैरतराई में 22 मार्च को एक नीलगाय की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

खैरतराई तालाब में मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, यह नीलगाय पास के जंगल से भटककर शहरी इलाके में पहुंच गई थी। शुक्रवार को इसे जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 01 स्थित एक तालाब के पास देखा गया था, जिससे क्षेत्र में लोगों के बीच कौतूहल का माहौल बना हुआ था। हालांकि, अगले ही दिन शनिवार सुबह ग्राम खैरतराई के तालाब में नीलगाय का शव तैरता हुआ मिला।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को जानकारी दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। प्रारंभिक तौर पर मामला तालाब में घुसने और डूबने से मौत का माना जा रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नीलगाय के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह पूरा मामला बालोद वन परिक्षेत्र का है। 

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)