धमतरी पुलिस ने नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी के मामले में पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के आष्टा (जिला सीहोर) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उमेश सिंह बशिस्ट- धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में करेली बड़ी चौकी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के आष्टा (जिला सीहोर) से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सोहन लाल पाल ने 13 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके कपड़ा दुकान में अज्ञात चोरों ने रात में शटर उठाकर लगभग 1.37 लाख रुपये मूल्य के कपड़े, साड़ियां, बैग व नगदी चोरी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए मगरलोड थाना अंतर्गत करेली बड़ी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और साइबर टीम की मदद से संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप पहचान की गई। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई, जहां घेराबंदी कर वाहन सहित तीन आरोपियों को पकड़ा गया। 

इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार 
गिरफ्तार आरोपियों में विकम बागडी (20), बबलु बागड़ी (20) और रोहित बागडी (19), सभी निवासी राजस्थान, शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। उनके कब्जे से चोरी किए गए कपड़ों से भरी 6 बोरी, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, लोहे का सब्बल और लकड़ी का कुंदा बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल 
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की और रात में शटर तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। चोरी का सामान बोरियों में भरकर पिकअप से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।