सौम्या यादव- धमतरी। छत्तीसगढ़ का जिला धमतरी अब हाईटेक खेती की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में कई नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ड्रोन टेक्नोलॉजी का सफल प्रदर्शन कर किसानों को उन्नत खेती का वास्तविक अनुभव दिया गया।
सहकारी समितियाँ होंगी तकनीकी रूप से सशक्त
‘सहकारिता से समृद्धि’ के उद्देश्य के साथ धमतरी प्रशासन ने सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रयास का उद्देश्य किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों को आसानी से सुलभ बनाना है। कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि आने वाले समय में हर समिति को तकनीकी रूप से मजबूत किया जाएगा, ताकि किसान डिजिटल और हाईटेक संसाधनों का सीधा लाभ उठा सकें।
ड्रोन तकनीक का सफल डेमोंस्ट्रेशन
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की मौजूदगी में आयोजित ड्रोन डेमोंस्ट्रेशन में खेती के विभिन्न कार्यों में ड्रोन उपयोग की बारीकियों को विस्तार से बताया गया। ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक और उर्वरकों के छिड़काव की लाइव प्रक्रिया दिखाते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि यह तकनीक कम समय में अधिक क्षेत्र को कवर कर सकती है। इससे खेती की लागत कम होगी और उत्पादकता में वृद्धि होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों और तकनीकी टीम से ड्रोन के व्यवहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी ली और इस तकनीक को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए।
नई तकनीक से बदलेगी खेती
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि बदलते समय में आधुनिक तकनीकों को अपनाना बेहद जरूरी है। ड्रोन टेक्नोलॉजी न केवल किसानों की मेहनत कम करेगी, बल्कि उनकी उपज और आय को भी बढ़ाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि लक्ष्य धमतरी के हर किसान को आधुनिक कृषि से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने का है।
अधिकारियों और किसानों की उपस्थिति
डेमोंस्ट्रेशन कार्यक्रम में DRCS, नोडल CCB, ब्रांच मैनेजर, समिति प्रबंधक, CSC SPM सुरेंद्र दास, CSC DM विनय गिरि, ड्रोन तकनीकी टीम के सदस्य और कई किसान मौजूद रहे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का 'ई-पेपर पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज" App डाउनलोड करें।)