दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बालूद स्थित 'छू लो आसमान' बॉयज छात्रावास में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। मृत छात्र ने अपने हाथ पर पेन से संदेश लिखा था, अलविदा दोस्तों, ये मैं अपनी मर्जी से कर रहा हूं, किसी को परेशान न करें। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रौशन तेलाम कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था। सोमवार की सुबह लगभग 3 बजे साथी छात्र बाथरूम की ओर गए। जहां उन्होंने रौशन को हॉस्टल की सीढ़ियों के ग्रिल से फंदे में लटका हुए देखा। जिसके बाद छात्रावास अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई। उन्होंने तत्काल पुलिस तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बोर्ड परीक्षा दे रहा था छात्र
यह घटना ऐसे वक्त में हुई है, जब बोर्ड परीक्षाएं भी जारी है। जिस छात्रावास में यह घटना हुई, उसके ठीक पास 12वीं बोर्ड परीक्षा का केंद्र संचालित हो रहा है। परीक्षा के बीच हुई इस घटना को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने। फिलहाल, पुलिस हॉस्टल कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्रों से पूछताछ कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
परिवार से नहीं था कोई विवाद
मृतक के भाई मोहन तेलामी ने बताया कि घर में सब कुछ सामान्य था और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सोन कुमार ने ऐसा कदम क्यों उठाया। वहीं, साथी छात्रों ने पुलिस को बताया कि देर रात करीब 1 बजे तक सोन पढ़ाई कर रहा था, जिसके बाद सभी सो गए और सुबह वह मृत अवस्था में मिला।