मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परीक्षा के अवसर पर प्रदेश के विद्यार्थियों को संदेश देकर आत्मविश्वास, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

रायपुर। परीक्षा सीजन के बीच विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने सोशल मीडिया के ज़रिये बच्चों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, परीक्षा जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने छात्रों से आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

सीएम बोले- 'उत्साह और तनाव दोनों स्वाभाविक, हम आपके साथ हैं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा का समय उत्साह लेकर आता है, लेकिन थोड़ा तनाव भी स्वाभाविक है। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे अकेले नहीं हैं- सरकार, परिवार और शिक्षक सभी उनके साथ खड़े हैं।

डर कमजोरी नहीं, जिम्मेदारी का संकेत है
सीएम ने अपने संदेश में कहा कि यदि परीक्षा को लेकर मन में डर है, तो इसका अर्थ है कि विद्यार्थी अपने भविष्य को गंभीरता से लेते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा-
'डर कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का संकेत है। लेकिन इस डर को अपने आत्मविश्वास पर हावी न होने दें।'

आपकी मेहनत आपका सबसे बड़ा सहारा
मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि बच्चों ने पूरे वर्ष की गई मेहनत, अभ्यास और दोहराव से खुद को मजबूत बनाया है। यह सब उनकी ताकत बनकर परीक्षा में उनके साथ खड़ा रहेगा।

नियमित पढ़ाई और स्वस्थ दिनचर्या रखने की सलाह
सीएम साय ने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, कठिन विषयों का दोहराव, समय प्रबंधन, पर्याप्त नींद और पौष्टिक भोजन की सलाह दी। साथ ही कहा कि मोबाइल फोन से दूरी बनाकर लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना बेहद जरूरी है।

प्रदेश के छात्रों पर विश्वास
अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के छात्र इस बार भी उत्कृष्ट परिणाम देंगे और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।