बलौदा बाजार जिले में स्थित अंबूजा सीमेंट संयंत्र में एक बच्चे के साथ सुरक्षा गार्ड द्वारा मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। 

कुश अग्रवाल-बलौदा बाजार। बलौदा बाजार स्थित अडानी अंबुजा सीमेंट संयंत्र में सिक्योरिटी गार्ड की कथित क्रूरता का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि, संयंत्र परिसर में आम तोड़ने गए 8 साल के मासूम बच्चे को सुरक्षा कर्मी ने पकड़कर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। आक्रोशित परिजन बच्चे को लेकर बलौदा बाजार थाने पहुंचे और आरोपी सुरक्षा गार्डों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वही परिजनों का आरोप है कि इस घटना में दो और सुरक्षा कर्मी शामिल थे और सभी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। 

मामले ने पकड़ा तूल 
मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित दिलेश्वर से साहू समाज के लोग बड़ी संख्या  मिलने अस्पताल पहुंचे। विधायक संदीप साहू ने भी अस्पताल पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और पुलिस व जिला प्रशासन से घटना की जानकारी ली। संदीप साहू का कहना है कि यदि दो दिनों के भीतर तीनों दोषी सुरक्षा कर्मियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 25 तारीख को मुख्यमंत्री के बलौदा बाजार आगमन पर ज्ञापन सौंपा  जाएगा।

प्रलोभन, दबाव डालने का आरोप
वहीं साहू समाज के जिला अध्यक्ष सुनील साहू ने आरोप लगाया कि, प्रबंधन के दबाव में सुरक्षाकर्मियों ने इस तरह की अमानवीय हरकत की है। उन्होंने यह भी कहा कि, मामले को दबाने के लिए परिजनों पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। वही पीड़ित बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया कि, इस मामले को दबाने के लिए लगातार हम पर प्रलोभन दबाव एवं धमकी दिया जा रहा है। ग्राम रवान के उप सरपंच एवं एक अन्य व्यक्ति के द्वारा धमकी दी जा रही है। वहीं क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव के ऊपर भी एक लाख रूपए लेकर मामला वापस लेने का आरोप लगाया है।

एसपी ने बताया- सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार, प्लेसमेंट एजेंसी पर भी होगा एक्शन
इधर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि, घटना संज्ञान में आते ही एक सुरक्षा कर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। संबंधित गार्ड प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नियुक्त था और एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। जांच में यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर जिले में आक्रोश का माहौल है।