रायपुर। असम और बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने प्रदेश के नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव को जहां असम में 9 विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी को वहां पर दस विधानसभाओं का जिम्मा मिला है। वे करीब एक सप्ताह के असम प्रवास पर हैं। इसके अलावा दुर्ग के सांसद विजय बघेल को भी दस विधानसभाओं की कमान सौंपी गई है।
वे एक बार वहां का दौरा कर चुके हैं, फिर से वे 16 फरवरी को जाएंगे।
इधर, प्रदेश के संगठन महामंत्री पवन साय को बंगाल में 56 विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वे लगातार वहां पर डटे हुए हैं। भाजपा का राष्ट्रीय संगठन लगातार प्रदेश के नेताओं को दूसरे राज्यों के विधानसभाओं की बड़ी जिम्मेदारी दे रहा है। अब तो भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन गए हैं। वे भली भांति प्रदेश के नेताओं की क्षमता जानते हैं। ऐसे में अब यहां के नेताओं को और ज्यादा जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।
असम के दौरे पर प्रदेश के नेता
प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव को असम में 9 विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है। वे वहां का तीन दिनों का दौरा करके लौटे हैं। श्री साव ने असम प्रवास में लखीमपुर क्षेत्र के भीमपारा में एक भव्य जनसभा को संबोधित किया। वे लखीमपुर जिला समिति द्वारा आयोजित संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए। श्री साव ने विधायक मानव डेका के साथ भीमपारा, लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र में भी जनसभा को संबोधित किया। दुर्ग के सांसद विजय बघेल को डिब्रूगढ़ लोकसभा की दस विधानसभाओं की जिम्मेदारी दी गई है। एक बार वे वहां का दौरा करके वापस आ गए हैं। श्री बघेल ने बताया वे फिर से 16 फरवरी से अपनी जिम्मेदारी वाली विधानसभाओं का दौरा करेंगे। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को 10 विधानसभाओं का जिम्मा दिया गया है। वे असम के दौरे पर गए हैं। असम दौरे के कारण ही उनका भाजपा के सहयोग केंद्र में समस्याएं सुनने का 12 फरवरी का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।
पवन साव बंगाल में डटे
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन सांय पर बड़ा भरोसा जताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने उनको वहां पर 56 विधानसभाओं का जिम्मा दिया है। वे वहां का बीते साल दिसंबर से लगातार दौरा कर रहे हैं। इस समय वे वहां पर डटे हुए हैं। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी वाली सभी विधानसभा में बैठक लेकर उनकी जानकारी ली है और उसके हिसाब से वहां पर जकी रणनीति बना रहे हैं।
