पंकज गुप्ते - बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्वास्थ्य परियोजना के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। कैंसर हॉस्पिटल खोलने की योजना में निवेश दिलाने का लालच देकर कुछ ठगों ने एक वकील से 3 करोड़ रुपए की ठगी कर ली। पूरा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कॉटलैंड से 103 करोड़ भेजने का झांसा
पीड़ित वकील को ठगों ने बताया कि वे स्कॉटलैंड में रहने वाले निवेशकों से संपर्क में हैं और बिलासपुर में कैंसर हॉस्पिटल खोलने के लिए 103 करोड़ रुपए भेजे जाएंगे। इस रकम का डिमांड ड्राफ्ट भेजने का दावा किया गया और भरोसा जीतने के लिए फर्जी लेन-देन दस्तावेज भी साझा किए गए। दस्तावेजों को देखने पर वे पूरी तरह असली नजर आते थे, जिसके कारण वकील इस झांसे में आ गए और धीरे-धीरे कई किस्तों में 3 करोड़ रुपए ठगों को ट्रांसफर कर दिए।
फर्जी ट्रांजैक्शन दस्तावेजों से किया गया धोखा
ठगों ने 103 करोड़ रुपए के फंड ट्रांसफर को लेकर कई तरह के फर्जी डिजिटल डॉक्यूमेंट, कन्फर्मेशन लेटर और बैंक ट्रांजैक्शन रिपोर्ट भेजीं। इन दस्तावेजों के आधार पर पीड़ित को यकीन हो गया कि विदेशी फंड भारत पहुंचने वाला है। रकम प्राप्ति में 'टेक्निकल दिक्कत' बताकर ठग लगातार नई मांगें करते रहे और इसी बहाने करोड़ों रुपए ऐंठ लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
वकील की शिकायत पर चकरभाठा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। एएसपी पंकज पटेल ने घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस टीम साइबर यूनिट की मदद से दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी संभव है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का 'ई-पेपर पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज" App डाउनलोड करें।)