बिलासपुर में बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख रुपये मांगे गए।

पंकज गुप्ते- बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बर्थडे पार्टी के बहाने एक युवक को बुलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर 1 लाख रुपये की मांग की गई। मामले की शिकायत मिलने के बाद पचपेड़ी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला रोशनी खुंटे ने युवक को बर्थडे पार्टी के बहाने अपने पास बुलाया। इसी दौरान उसने युवक का अश्लील वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर युवक से 1 लाख रुपये की मांग करने लगी।

पुलिस ने आरोपी महिला को किया गिरफ्तार
पीड़ित युवक ने जब लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग से परेशान होकर पचपेड़ी थाना में शिकायत दर्ज कराई, तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी महिला रोशनी खुंटे को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि, इस पूरे घटनाक्रम में कोई और व्यक्ति शामिल तो नहीं है।