भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में देर रात 7 नकाबपोश बदमाशों ने लाखों की लूट को अंजाम दिया। 

भिलाई। सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में देर रात डकैती की घटना सामने आई है। करीब सात नकाबपोश बदमाश रात लगभग 2.15 से 2.45 बजे के बीच मंदिर परिसर में घुसे और गार्ड को बंधक बनाते हुए उसके साथ मारपीट कर मंदिर में रखे सोने चांदी के आभूषण व कीमती बर्तनों को लेकर फरार हो गए। बताया जाता है कि करीब 28 लाख रुपए के सामान की चोरी हुई है। भिलाई नगर थाना की चोरी हुई है। भिलाई नगर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। 

पुलिस के अनुसार,  कुछ लोग दीवार फांदकर मंदिर में प्रवेश किए। उसके बाद बदमाशों ने गार्ड के साथ मारपीट करते हुए उसे बंधक बनाया। गार्ड को काबू में करने के बाद मंदिर का ताला तोड़ने हुए अंदर प्रवेश किए। मंदिर के कई ताले टूटे मिले हैं। वहीं दरवाजों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। डकैतों ने साईं बाबा के चांदी के आभूषण, चांदी की पूजा सामग्री, छत्र को उखाड़कर ले गए। पुलिस का कहना है कि कुछ और सामान को भी ले जाने की कोशिश की गई थी, पर बदमाश सफल नहीं हो पाए। बदमाशों ने करोड़ों रुपए के सोने के असली मुकुट को नकली समझकर उसे वहीं छोड़ दिया।

एसएसपी सहित आला अधिकारी पहुंचे मौके पर
सुबह जैसे ही घटना की जानकारी फैली, मंदिर प्रबंधन और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। डॉग स्क्वॉड ने भी परिसर का निरीक्षण किया। अब पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि बदमाश किस रास्ते से आए और किस दिशा में फरार हुए।

7 बदमाशों की आशंका, सीसीटीवी में दिखे 4 आरोपी
मंदिर में हुई डकैती की घटना में बदमाशों की संख्या को लेकर असमंजस की स्थिति है। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि वारदात में करीब 7 लोग शामिल थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार चार आरोपी मंदिर के भीतर दाखिल हुए और चोरी की घटना को अंजाम दिया। वहीं तीन अन्य बदमाशों ने बाहर सुरक्षा में तैनात गार्ड को बंधक बनाकर रखा, ताकि अंदर वारदात बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान की जा सके।

आरोपियों की तलाश की जा रही है
भिलाई नगर के सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, सीसीटीवी में चार लोग दिखे हैं। गार्ड को बंधक बनाने के बाद मंदिर का ताला तोड़ते हुए डकैत अंदर प्रवेश किए। चांदी की छत्र और चांदी की बनी पूजा सामग्रियों की चोरी हुई है। मंदिर ट्रस्टी एन प्रभाकर राव की शिकायत पर अपराध दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश की जा ही है।