भिलाई। साहू मित्र सभा सभागार, सुपेला में बुधवार को स्व. कुलदीप सिंह साहू स्मृति सम्मान का तृतीय वर्ष समारोह गरिमामयी माहौल में आयोजित किया गया। गुरूर (जिला- बालोद) के निवासी स्वर्गीय कुलदीप सिंह साहू साहित्यकार, कृषक और समाजसेवी के रूप में व्यापक पहचान रखते थे। उनके सामाजिक व साहित्यिक योगदान को स्थायी रूप से स्मरणीय बनाने हेतु यह वार्षिक आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
समारोह में साहित्यकार व समाजसेवी डा. वेदवती मंडावी, निर्मल ज्ञान मंदिर कबीर आश्रम नेहरू नगर के ट्रस्टी अध्यक्ष आत्मा राम साहू, साहू मित्र सभा भिलाई के अध्यक्ष खेदराम साहू, वरिष्ठ साहित्यकार बद्री प्रसाद पारकर, तथा सिरजन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. दीनदयाल साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्व. कुलदीप सिंह साहू के योगदान का स्मरण
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि कुलदीप सिंह साहू कर्मठ, ईमानदार और समाजहित को सर्वोपरि मानने वाले व्यक्तित्व थे। साहित्य और सामाजिक कार्यों में उनकी भूमिका अनुकरणीय रही है।
समाज रत्न स्व. मनराखन साहू को भी किया गया याद
कार्यक्रम में समाज रत्न स्व. मनराखन लाल साहू के सामाजिक व साहित्यिक योगदान पर अतिथियों और समाजजनों ने अपने विचार साझा किए। उनके कार्यों को विभिन्न वक्ताओं ने विस्तार से रेखांकित किया।
डॉ. डी.पी. देशमुख और हेमलाल साहू निर्मोही सम्मानित
समारोह में इस वर्ष स्व. कुलदीप सिंह साहू स्मृति सम्मान वरिष्ठ साहित्यकार व संपादक डॉ. डी.पी. देशमुख तथा अंचल के ख्याति प्राप्त लोक कलाकार और साहित्यकार हेमलाल साहू ‘निर्मोही’ को प्रदान किया गया।
सामाजिक समरसता पर विचार और कविता पाठ
संस्कृति कर्मी राम कुमार वर्मा ने सामाजिक समरसता पर सारगर्भित विचार रखे। कविता पाठ करने वालों में जागृति सार्वा, अरुणा जैन, नीतू अरुण साहू, और जगन्नाथ निषाद शामिल रहे।
साहू समाज के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद
कार्यक्रम में झमित साहू, उनमेष साहू, अरुण साहू, प्रभा राम साहू, वीरेंद्र साहू, फूलचंद साहू, नोमिन साहू, हेमा साहू, लखेंद्र साहू, कर्मा विद्यालय अध्यक्ष धनसाय साहू सहित साहू मित्र सभा व कर्मा विद्यालय के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूनम यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन लाल जी साहू द्वारा किया गया।
