रायपुर। भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाला मामले में ईओडब्लू, एसीबी की टीम ने बुधवार को घोटाला के दो अहम आरोपी अभनपुर के तत्कालीन तहसीलदार शशिकांत कुर्र्रे तथा गोबरा नवापारा के तत्कालीन नायब तहसीलदार लखेश्वर प्रसाद किरण को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों आरोपियों की याचिका पहले ही खारिज कर दी है। शशिकांत तथा लखेश्वर प्रसाद को गिरफ्तार करने के बाद ईओडब्लू तथा एसीबी की टीम ने स्पेशल कोर्ट में पेश कर पूछताछ करने 20 फरवरी तक रिमांड हासिल की है। ईओडब्लू तथा एसीबी की छापे की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। अपने बचाव के लिए दोनों आरोपियों ने हरसंभव कोशिश की, लेकिन उन दोनों आरोपियों को किसी तरह से राहत नहीं मिली।
कुर्की के प्रकरण कोर्ट में विचाराधीन
दोनों अफसर तथा अन्य फरार चल रहे लोकसेवकों के विरुद्ध ईओडब्लू, एसीबी ने विशेष न्यायालय में आवेदन पेश किया था। जांच एजेंसी के आवेदन पर उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट एवं उद्घोषणा जारी की गई थी। विशेष न्यायालय में कुर्की की कार्रवाई के लिये प्रकरण विचाराधीन है ।
भू-माफिया के साथ मिलकर घोटाला
जांच एजेंसी के आरोपों के मुताबिक, रायपुर-विशाखापट्नम एवं दुर्ग-बायपास भारतमाला परियोजना सड़क निर्माण मामले में शशिकांत कुर्रे एवं लखेश्वर प्रसाद किरण ने अपने पद का दुरुपयोग कर आपराधिक षडयंत्र किया। दोनों अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक, भूमाफिया व अन्य के साथ मिलकर कूटरचित राजस्व अभिलेख दस्तावेज तैयार करवाकर प्रभावित भू-स्वामियों को वास्तविक मुआवजा से कई गुना अधिक मुआवजा राशि दिलवाकर शासन को करोड़ों रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचाई।
यह है पूरा मामला
भारत माला प्रोजेक्ट में जमीन अधिग्रहण मामले में 43 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। घोटाला में पांच लोकसेवक सहित 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच ईओडब्लू, एसीबी के साथ ईडी कर रही है। घोटालेबाजों ने जमीन दलालों के साथ मिलकर जमीन को टुकड़ों में बांटकर एनएचएआई को बनाकर घोटाले को अंजाम दिया। घोटाला सामने आने के बाद 78 करोड़ का भुगतान दिखाया। मामले में एसडीएम, पटवारी और भू-माफिया के सिंडिकेट ने बैंक डेट पर दस्तावेज अभनपुर के तत्कालीन तहसीलदार शशिकांत कुर्रे जो वर्तमान में कोरबा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ से उन्हें निलंबित किया गया था।
