ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर एएनटीएफ और सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा जब्त कर हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

मनहरण सोनवानी - बसना। छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा पर पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की अफीम पोस्त डोडा की खेप पकड़ी गई है। पिकअप वाहन में ट्रक जैसी सुरक्षा बनाकर ले जाए जा रहे इस नशे को झारखंड से रायपुर खपाने की तैयारी थी, लेकिन रेहटीखोल चेकपोस्ट में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

इंटरस्टेट ड्रग तस्करी का बड़ा खुलासा
पुलिस ने तलाशी के दौरान पिकअप वाहन से कुल 1432 किलो अफीम पोस्त डोडा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत 2 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। तस्कर नशे को साधारण सामान की तरह छिपाकर बेहद सुरक्षित तरीके से सीमा पार ले जा रहे थे, जिससे यह साफ होता है कि यह एक संगठित और सक्रिय नेटवर्क का हिस्सा था।

हरियाणा के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन से हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर अंतर्राज्यीय तस्करी में शामिल होने का संदेह पहले से था। पूछताछ में कई अहम जानकारी मिलने की संभावना है। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह खेप झारखंड के गुमला से लाई जा रही थी और रायपुर में खपाने की तैयारी थी।

रेहटीखोल चेकपोस्ट पर हुई कार्रवाई
तस्कर ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट तक पहुंचे, जहां नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस की नजर संदिग्ध वाहन पर पड़ी। वाहन की सुरक्षा ढांचे और उसमें बने छुपाव के तरीके ने तुरंत संदेह पैदा कर दिया। गहन तलाशी के बाद भारी मात्रा में नशा बरामद किया गया। यह कार्रवाई सिंघोड़ा पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने की, जिसने पहले भी ऐसे कई तस्करी नेटवर्क ध्वस्त किए हैं।

NDPS एक्ट की धारा 18(ख) के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(ख) के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिसके आधार पर पुलिस तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने और अन्य संबंधित लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का 'ई-पेपर पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज" App डाउनलोड करें।)