मनहरण सोनवानी- बसना। छत्तीसगढ़- ओडिशा बॉर्डर पर सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को बड़ी कामयाबी मिली है। बसना में पुलिस ने 1 करोड़ के गांजे के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 281.900 किलो गांजा बरामद किया है। जिसकी बाजार में कीमत 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल हो रही एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो कार जब्त की गई है।
पकड़े गए सभी 5 आरोपी महाराष्ट्र (सतारा और सोलापुर) के रहने वाले हैं। तस्कर ओडिशा के फुलवानी से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे खपाने की फिराक में थे। लेकिन इसी बीच थाना सिंघोड़ा पुलिस ने NH-53 पर घेराबंदी कर रेहटीखोल के पास धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
महासमुंद में पुलिस ने एक करोड़ से अधिक का गांजा किया था जब्त
उल्लेखनीय है कि, बीते महीने महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया था। सिंघोडा पुलिस की सतर्कता से 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये कीमत का 225 किलो गांजा बरामद किया गया था। इस कार्रवाई में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर नशीला माल खपाने जा रहे थे।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)