बलरामपुर जिले के त्रिपुरी में अवैध अफीम की खेती मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और राजस्व की टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को हिरासत में लिया है।

कृष्ण कुमार यादव- बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिपुरी में मादक पदार्थ अफीम की खेती मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। मौके पर राजस्व और पुलिस की टीम मौजूद है। वहीं एनएसबी की टीम को भी बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि, लगभग 2 एकड़ में खेती का मामला है। 

प्रारंभिक तौर पर मिल रही जानकारी के मुताबिक, दो ग्रामीण रूपदेव और कौनशील के खेत को लीज पर लेकर अफीम की खेती कराई जा रही थी। खेती कराने के लिए झारखंड से मजदूर बुलाए गए थे। आपको बता दें कि, पुलिस ने इस मामले में अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ में जुटी हुई है।

लगे हुए अफीम के पौधे उखाड़े जा रहे- एसपी 
एसपी वैभव बैंकर का कहना है कि, मामले में पुलिस की कार्यवाही जारी है। खेत में लगे अफीम के पौधों को उखाड़ा जा रहा है। मामले में कार्यवाही पूरी होने के बाद मीडिया को विस्तृत जानकारी दी जाएगी। 

सुदूरवर्ती इलाका होने का कारण उठाया गया फायदा
इधर कांग्रेस द्वारा गठित जांच दल पूर्व विधायक प्रीतम राम नेतृत्व में मौके पर पहुंची थी। मौके पर मुआयना कर ग्रामीणों से इस संबंध में जानकारी ली गई है। बता दें कि, कुसमी थाना क्षेत्र का त्रिपुरी वह इलाका है, जो एक ओर से जशपुर जिले और दूसरी ओर से झारखंड से सटा हुआ है। सुदूरवर्ती इलाका होने का फायदा उठाते हुए ही इस इलाके में अफीम की खेती की गई होगी।