कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में दिनदहाड़े चलती बस में चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। भाटापारा से बलौदा बाजार चलने वाली राधेश्याम बस सर्विस में सफर कर रही एक महिला के गले से अज्ञात बदमाश ने सोने का हार पार कर दिया।
बस के अंदर ही आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि, रायपुर निवासी महिला भाटापारा से ग्राम रवान आ रही थी। इसी दौरान बस के अंदर ही शातिर ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही महिला को हार गायब होने का पता चला, बस में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने की सभी यात्रियों से पूछताछ
ड्राइवर ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बस को बलौदा बाजार के पास रोक दिया। महिला ने आशंका जताई है कि, बस में बैठे किसी यात्री ने ही चोरी की है। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बस में सवार सभी यात्रियों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
मोबाइल, सोना और नगद लेकर भाग रहे चोर को भीड़ ने पकड़ा
वहीं 8 अप्रैल को अंबिकापुर के भगवानपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जहां एक शातिर चोर ने कई मोबाइल फोन, सोना और नगद चोरी करने के बाद भागने की कोशिश की। हालांकि स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया।
मोबाइल, सोना और नगद ले भागा चोर
मिली जानकारी के अनुसार चोर ने एक ही घर से 7 से 8 मोबाइल फोन, करीब 25 हजार रुपए कीमत का सोना, लगभग 15 हजार रुपए नगद चुरा लिए थे। सामान लेकर आरोपी मौके से भागने की फिराक में था।
स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से दबोचा गया चोर
चोरी का पता चलते ही स्थानीय निवासियों ने तुरंत चोर का पीछा कर थोड़ी दूरी पर ही उसे पकड़ लिया गया। गुस्से में भरी भीड़ ने आरोपी की मौके पर ही जोरदार पिटाई कर दी।
पुलिस की तत्काल कार्रवाई, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और अपनी हिरासत में ले लिया। चोरी किए गए सभी सामान को बरामद कर लिया गया है।
भगवानपुर क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ी है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)