कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। सिमगा क्षेत्र में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत और 26 लोगों के घायल होने की घटना पर कसडोल विधायक संदीप साहू ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में बदहाल सड़कों के कारण आम जनता की जान जा रही है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।
विधायक श्री साहू ने बताया कि रायपुर- बिलासपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें 2 साल की मासूम बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार लोग साहू समाज से थे। इस दुखद घटना पर उन्होंने मृतक परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पूरी सहानुभूति पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होंने आगे कहा कि, सिमगा क्षेत्र के ब्लैक स्पॉट पर जिस तरह लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। वह कहीं न कहीं प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों की आकस्मिक मौत हो रही है।
सड़कों का मुद्दा उन्होंने विधानसभा में गया था उठाया
उन्होंने बताया कि कसडोल विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कों का मुद्दा उन्होंने विधानसभा में उठाया था और कई सड़कों के लिए बजट में राशि भी स्वीकृत हो चुकी है। इनमें कसडोल से पिथौरा मार्ग, लवन- खरतोरा मार्ग और जारा से सण्डी मार्ग जैसे प्रमुख मार्ग शामिल हैं। बावजूद इसके अधिकारियों की लापरवाही के चलते अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
पुरानी और जर्जर सड़कों पर भारी ट्रैफिक का है दबाव
विधायक ने कहा कि पुरानी और जर्जर सड़कों पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक का दबाव है, ऐसे में कई मार्गों को टू-लेन और फोर-लेन में अपग्रेड करने की आवश्यकता है। साथ ही सड़क के ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य किया जाना चाहिए। पीडब्ल्यूडी, पुलिस और अन्य संबंधित विभाग अगर समन्वय बनाकर काम करें तो सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है। सरकार को इस विषय पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए ताकि लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।