बलौदाबाजार जिले में महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर में हजारों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे।

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसिद्ध सिद्धेश्वर मंदिर में रविवार को सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे दिवाली देवाधिदेव महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना करने पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा है।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में जवान तैनात किए गए हैं और यातायात को भी व्यवस्थित किया गया है।

हजारों की संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु 
मंदिर के आसपास जगह-जगह भंडारा और प्रसाद वितरण की तैयारी की गई है, जहां श्रद्धालुओं को भोजन और प्रसाद उपलब्ध कराया जा रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे बलौदा बाजार क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल बना हुआ है। जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भी रविवार को विशेष पूजा-अर्चना, रात्रि जागरण और मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।