राहुल भूतड़ा- बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक मासूम बच्ची की कब्र से खोपड़ी गायब मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि, तंत्र-मंत्र की विधा के लिए कब्र खोदकर बच्ची की खोपड़ी निकाली गई है।
इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। कब्र को खुदवाया गया, जिसमें बच्ची के शव का बाकी हिस्सा सुरक्षित मिला, लेकिन खोपड़ी नदारद थी। इस खुलासे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और भय दोनों बढ़ गया है।
यह सनसनीख़ेज़ घटना गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुदबी की है। ग्रामीणों का कहना है कि, इस तरह की घटना से गांव की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं और बच्चों व महिलाओं में भय व्याप्त है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि, हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
SDM की अनुमति के बाद खुदाई
आपको बता दें कि, परिजनों और ग्रामीणों की शिकायत के बाद गुंडरदेही के एसडीएम ने धारा 505 के तहत कब्र की खुदाई की अनुमति दी। लगभग चार फीट नीचे मासूम प्रिया का शव मिला, लेकिन परिजनों का दावा है कि, शव से सिर गायब है। इसके बाद पुलिस ने शाम को शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया। गौरतलब है कि, देर रात अज्ञात तांत्रिकों द्वारा कब्र खोदकर कंकाल से सिर निकाल ले जाने की बात सामने आई है। शव को परीक्षण के लिए राजनांदगांव भेजा जा रहा है।
तो ये है पूरा मामला
दरअसल, 15 फरवरी सुबह करीब 11 बजे गांव का एक किसान श्मशान घाट की ओर से अपने खेत जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर मासूम की कब्र पर पड़ी। कब्र के पास दिया, चावल और झिल्ली में रखे मांस के टुकड़े सहित तांत्रिक सामग्री बिखरी हुई थी। जिसके बाद तत्काल मासूम के परिजनों को सूचना दी गई।
कब्र खोदकर सिर निकाला, फिर दोबारा मिट्टी से ढंक दिया
घटना की जानकारी मिलते ही माहुद निवासी जितेंद्र साहू मौके पर पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। जितेंद्र साहू ने बताया कि, यह कब्र उनकी बेटी प्रिया साहू उर्फ़ लाडो की है। 9 अक्टूबर 2025 को तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई थी। वहीं परिवार अभी इस सदमे से पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि, अब बेटी की कब्र से छेड़छाड़ की घटना सामने आ गई। किसान जितेंद्र ने बताया कि, कब्र से सिर का कंकाल गायब है।
