अबूझमाड़ में मुठभेड़: 5 लाख की ईनामी सीमा और 1 लाख की ईनामी रांझू मारी गई, कई हथियार भी बरामद

MP-छत्तीसगढ़ सीमा पर हॉक फोर्स और नक्सलियों की मुठभेड़, 15 मिनट चली फायरिंग
X

MP-छत्तीसगढ़ सीमा पर हॉक फोर्स और नक्सलियों की मुठभेड़, 15 मिनट चली फायरिंग

नारायणपुर जिले के घने जंगलों में 5-1 लाख के इनामी महिला नक्सली सीमा और रांझू मुठभेड़ में मारे गए। मुठभेड़ स्थल से 315 बोर राइफल 4 राउंड 1 इंसास राइफल जैसे कई हथियार बरामद किए गए।

इमरान खान - नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में अबूझमाड़ के घने जंगलों में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। अबूझमाड़ मुठभेड़ में मारे गए डप महिला नक्सली कैडरों के शवों की पहचान सीमा, एरिया कमेटी मेंबर (ACM), कुटुल एरिया कमेटी, और लिंगे उर्फ़ रांझू, पार्टी मेंबर (PM), कुटुल LOS के रूप में हुई है।

मुठभेड़ स्थल से 1 इंसास राइफल, 08 राउंड और 01 मैगजीन, 1 देशी निर्मित .315 बोर राइफल 4 राउंड, राइफल .303 Rifle के 15 राउंड, बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं कई हथियार एवं सामग्री बरामद की गई। यह संयुक्त अभियान, माड़ डिवीजन के वरिष्ठ माओवादी कैडरों की उपस्थिति की विश्वसनीय सूचना के आधार पर DRG नारायणपुर, DRG कोंडागांव, STF एवं ITBP (41वीं एवं 45वीं बटालियन) की टीमों द्वारा चलाया गया।

लगातार होती रही मुठभेड़
नारायणपुर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि, यह अभियान 'माड़ बचाओ अभियान' के तहत अबूझमाड़ के जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर बुधवार को संयुक्त सर्च ऑपरेशन के रूप में प्रारंभ किया गया। इस दौरान गुरुवार की शाम से लगातार सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ होती रही।

मुठभेड़ के पश्चात, घटनास्थल से दो वर्दीधारी महिला माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए। जिनके पास से हथियार एवं अन्य सामग्री भी प्राप्त हुई।

नारायणपुर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया ने मारे गए माओवादी कैडरों की पहचान निम्नानुसार की पुष्टि की है -

1. नाम: सीमा
पद: एरिया कमेटी मेंबर (ACM), कुटुल एरिया कमेटी
इनाम: ₹5 लाख
पता: ग्राम जगरगुंडा, जिला सुकमा

2. नाम: लिंगे उर्फ़ रांझू
पद: पार्टी मेंबर (PM), कुटुल LOS
इनाम: ₹1 लाख
पता: ग्राम कायेड़ूराड, जगरगुंडा, जिला सुकमा

नक्सली तुरंत हिंसात्मक गतिविधियां त्याग कर मुख्यधारा से जुड़ें - पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी
बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि, सुरक्षा बल माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान को मानसून के दौरान भी निरंतर जारी रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि, प्रतिबंधित और अवैध भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के पास अब आत्मसमर्पण और हिंसा छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने माओवादियों से अपील की कि, वे तुरंत हिंसात्मक गतिविधियां त्याग कर मुख्यधारा से जुड़ें, अन्यथा उन्हें सख्त कार्रवाई और गंभीर परिणामों के लिए तैयार रहना होगा।

अब तक कुल 414 माओवादी कैडरों के शव बरामद
मृत माओवादी सीमा (ACM) एवं लिंगे उर्फ़ रांझू (PM) के कैडर प्रोफाइल एवं उनके विरुद्ध दर्ज आपराधिक प्रकरणों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है। यह उल्लेखनीय है कि, पिछले 18 महीनों में बस्तर रेंज में हुई विभिन्न मुठभेड़ों के दौरान अब तक कुल 414 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें CPI (माओवादी) महासचिव बसवराजु उर्फ़ गंगन्ना तथा CCM गौतम उर्फ़ सुधाकर जैसे शीर्ष माओवादी नेता भी शामिल हैं।

आस-पास के जंगलों में जारी है तलाशी अभियान
मुठभेड़ के दौरान घने जंगल का लाभ उठाकर भाग निकले अन्य माओवादी कैडरों की पता लगने हेतु आस-पास के जंगलों में तलाशी अभियान जारी है। बस्तर रेंज पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि, सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी होने के कारण, ऑपरेशन में शामिल जवानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती है। जैसे ही सर्च ऑपरेशन पूरा कर जवान बेस कैंप में वापस लौटेंगे, विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story