आपने मनी लांड्रिंग की है: निको की रिटायर्ड जीएम को डिजिटल अरेस्ट कर ठग लिए 2 करोड़ 83 लाख

आपने मनी लांड्रिंग की है :  निको की रिटायर्ड जीएम को डिजिटल अरेस्ट कर ठग लिए 2 करोड़ 83 लाख
X

 File Photo 

सायबर जालसाजों ने निको की महिला अधिकारी रिटायर्ड जीएम को डेढ़ माह के भीतर अलग-अलग दिनों में डिजिटल अरेस्ट कर 2 करोड़ 83 लाख रुपए ठग लिए।

रायपुर। सायबर जालसाजों ने निको की महिला अधिकारी रिटायर्ड जीएम को डेढ़ माह के भीतर अलग-अलग दिनों में डिजिटल अरेस्ट कर 2 करोड़ 83 लाख रुपए ठग लिए। ठगी के शिकार होने के बाद महिला ने अपने रुपए लौटाने के लिए कहा तो जालसाजों ने महिला को उनके साथ ठगी होने की जानकारी दी। ठगे जाने की जानकारी मिलने के बाद महिला जालसाजों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची। 23 मई से 10 जुलाई के बीच जालसाजों ने महिला को ठगी का शिकार बनाया।

आमासिवनी सफायर ग्रीन निवासी 63 वर्षीय सोनिया हंसपाल ने ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को बताया है कि उसके पास 21 मई को अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपने आपको एसबीआई कस्टमर केयर का कर्मी बताते हुए महिला को क्रेडिट कार्ड का अमाउंट बचे होने का झांसा देते हुए तत्काल भुगतान करने के लिए कहा। साथ ही जालसाज ने महिला को उनका नंबर दिल्ली पुलिस को ट्रांसफर करने का झांसा दिया।

पांच मिनट बाद वीडियो कॉल
फोन डिस्कनेक्ट होने के पांच मिनट महिला के पास अन्य नंबर से वीडियो कॉल आया, जिसमें एक व्यक्ति पुलिस वर्दी में दिख रहा था। साथ ही दिल्ली सायबर विंग लिखा था। खाकी वर्दी तथा दिल्ली सायबर विंग देख महिला बुरी तरह से डर गई। इसके बाद जालसाजों ने वीडियो कॉल ऑफ कर वाइस कॉल से महिला से उसके मोबाइल की जानकारी मांगी।

झांसे में लेने के बाद आरटीजीएस से रकम ट्रांसफर
महिला को झांसे में लेने के बाद जालसाजों ने महिला को मनी लांड्रिग के केस से बचने के उपाय बताए। इसके लिए महिला को जालसाजों ने आरबीआई से वेरिफाई करने के बाद रकम लौटाने का झांसा देते हुए उनके द्वारा बताए गए अकाउंट में आरटीजीएस से रकम जमा करने कहा। जालसाजों के झांसे में आकर महिला ने 23 मई को छह लाख 15 हजार रुपए जालसाजों के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए।

मनी लांड्रिंग के केस में फंसाने की धमकी
ठगी करने जालसाजों ने महिला से उनकी प्रॉपर्टी के साथ बैंक डिटेल की जानकारी मांगी। महिला द्वारा जानकारी शेयर करने के बाद जालसाजों ने महिला को धमकाते हुए कहा, आपके खिलाफ मनी लांड्रिंग का केस दर्ज है। जालसाजों ने महिला को धमकाते हुए कहा कि आपके आधार कार्ड से अज्ञात लोगों ने बैंक अकाउंट खुलवाए हैं।

वाट्स एप मैसेज कर बार-बार लूटते रहे
बार-बार रकम ट्रांसफर होने के बाद जालसाजों ने महिला को बैंक शाखा तथा दिल्ली साइबर पुलिस बन कॉल करने के साथ लगातार मैसेज कर अलग-अलग अकाउंट में रुपए ट्रांसफर कराते गए। साथ ही महिला को रकम ट्रांसफर नहीं करने पर गिरफ्तारी तथा कार्रवाई का भय दिखाते रहे। महिला कुछ समझ पाती, इसके पहले जालसाज महिला के अलग-अलग बैंक अकाउंट में जमा पूंजी अपने अकाउंट में ट्रांसफर करा लिए। जालसाजों ने महिला के साथ सबसे बड़ी रकम 90 लाख रुपए अपने अकाउंट में ट्रांसफर कराई है।

वाट्स एप में मैसेज कर कहा आप ठगी के शिकार हो गए हो
महिला ने कुल 11 ट्रांजेक्शन में जालसाजों के अकाउंट में रुपए ट्रांसफर किए हैं। महिला ने जालसाजों के अकाउंट में आखिरी ट्रांजेक्शन 10 जुलाई को तीन लाख रुपए किया है। जलासाजों ने महिला को और रुपए ट्रांसफर करने कहा, तब महिला ने रुपए ट्रांसफर करना बंद कर दिया। महिला ने ट्रांसफर किए रुपए वापस मांगे तो जालसाजों ने महिला का कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। इसके बाद 11 जुलाई को जालसाजों ने महिला को वाट्स एप से मैसेज कर उनके साथ ठगी होने की जानकारी दी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story