विधायक का लगा जनदर्शन: शर्मा बोले- जनता की हर समस्या का समाधान सुनिश्चित करना हमारा संकल्प

विधायक अनुज शर्मा ने जन सामान्य की समस्या सुनकर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया
सूरज सोनी- खरोरा। धरसीवां विधायक अनुज शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के बीच पहुँचकर उनकी समस्याएं सुनी और उनके निराकरण के आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
गुरुवार की दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक अपने विधायक जनदर्शन कार्यालय खरोरा में अनुज शर्मा ने लोगों के बीच रह कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान भी किया। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि, विधानसभा चुनाव के बाद प्रति गुरुवार को खरोरा जनदर्शन कार्यक्रम आरम्भ किया गया था परंतु क्षेत्रीय दौरा के चलते इसे स्थगित किया गया था। जो अब पुनः शुरु हो गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाना जनदर्शन का उद्देश्य
उन्होंने कहा कि, इसके माध्यम से लोगों की छोटी- बड़ी समस्याओ का निराकारण किया जाता है। जनदर्शन का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाना है। आम आदमी को छोटे-छोटे काम के लिए भटकना न पड़े, कर्मचारी-अधिकारी नियम-कानून का अड़ंगा लगाकर जनसामान्य को परेशान न करें। इसकी अब सतत निगरानी की जाएगी।

आम आदमी को परशान करने वाले अफसर बख्शे नहीं जाएंगे
आम आदमी को परेशान कर शासन की छवि धूमिल करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि क्षेत्र के किसान, गरीब, मजदूर और अंतिम छोर के व्यक्ति को कोई परेशानी न हो, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीनी स्तर पर हितग्राहियों को लाभान्वित करने संबंधित अधिकारी कमर कस लें, इसमें लापरवाही नहीं चलेगी।
