मरोदा डैम में डूबे दो युवक: 4 दोस्त गए थे पिकनिक मनाने, दो समा गए गहरे पानी में

डैम में डूबने से दो युवकों की मौत
जे एम तांडी- भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पिकनिक मनाने गए दो युवकों की डैम में डूबने से मौत हो गई। चार दोस्त पिकनिक मनाने मरोदा डैम पहुंचे हुए थे इसी बीच यह हादसा हुआ। फ़िलहाल घटना की जानकारी मिलने पर गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतकों में एक पावर हाउस और दूसरा शिक्षित नगर का रहने वाला है।
दरअसल, सोमवार की शाम दो युवकों की मरोदा डैम में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पावर हाउस निवासी साहिल (25 वर्ष) और शिक्षित नगर निवासी जुनैद (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अपने दो अन्य दोस्त फैजल और अविनाश के साथ पिकनिक मनाने के लिए मरोदा डैम पहुंचे थे। इस दौरान मृतक शाहिर और जुनैद पानी में उतर गए। गहराई का अंदाजा नहीं होने की वजह से वह डैम के गहरे पानी में समा गए।
अपने दोस्तों को डूबते देख दो अन्य दोस्तों अविनाश और फैजल ने आसपास के लोगों से मदद मांगी। इस बीच गोताखोरों को बुलाया गया। तब तक साहिल और जुनैद की डूबने से मौत हो गई थी। सूचना पर नेवई पुलिस भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्ट्म के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस विवेचना की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
चारों दोस्त मरोदा डैम घूमने गए हैं, इसकी जानकारी घरवालों को नहीं थी। जुनैद और साहिल की मौत की खबर के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों ही घर से थोड़ी देर में आने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद उनकी मौत की खबर घरवालों को मिली। पुलिस ने बताया कि, घरवालों को जानकारी नहीं थी कि वे डैम में नहाने के नाम पर जाने वाले हैं। समय रहते राहत नहीं पहुंचने की वजह से दोनों युवक डूब गए।
मरोदा डैम बना सेल्फी जोन, सुरक्षा नहीं
मरोदा डैम पिछले लंबे समय से सेल्फी जोन बना हुआ हैै। सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने की वजह से युवा बेखौफ होकर यहां आते हैं। सेल्फी और रील बनाने के दौरान हादसे का शिकार भी हो रहे हैं। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक पिछले 5 सालों में 10 से ज्यादा मौतें मरोदा डैम में हो चुकी है। बारिश के दिनों में डैम का जल स्तर बढ़ जाता है। इस वजह से पानी की गहराई का पता नहीं चल पाता है। बावजूद इसके लोग डैम के आसपास पहुंचते हैं।
