शराब दुकान के सुपरवाइजर पर हमला: सनकी हमलावर ने घर में घुसकर किया वार, शरीर के कई जगहों पर आई गंभीर चोट

घायल सुपरवाइजर लोकेश साहू
हेमन्त वर्मा- धरसींवा। छत्तीसगढ़ के सिलतरा शराब दुकान के सुपरवाइजर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में सुपरवाइजर के शरीर के कई हिस्सों में चोट आई है। जिसके बाद घायल लोकेश साहू को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि, हमलावरों ने लोकेश साहू में घर में घुसकर उन पर घातक वार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10: 30 बजे की है। इस दौरान लोकेश साहू अपने किराए के मकान में थे। तभी हमलावर घर में घुसकर आया और लोकेश साहू पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने लोकेश साहू से उधार में शराब मांगी थी। जब लोकेश ने मना किया तो उस पर आरोपी ने वार कर दिया।
उधार शराब न देने पर किया वार
रात के समय लोकेश साहू अपने किराए के मकान में अकेले थे। इसी बीच ग्राम साकरा के लुकेशश्वर नवरंगे और उनके अन्य साथी अचानक उनके घर में घुस गए। बताया जा रहा है कि, आरोपी ने लोकेश साहू से उधार में शराब मांगी थी। जब लोकेश के मना करने पर आरोपी ने धारदार चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में लोकेश साहू के शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव आए हैं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिलतरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल लोकेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
सरकारी शराब दुकानों की सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि, पुलिस की गश्त में कमी है और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई का अभाव है। सरकार को भी इस गंभीर विषय पर ध्यान देना चाहिए कि आखिर क्यों उसके अपने प्रतिष्ठानों से जुड़े लोग भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और क्यों उद्योग नगर साकरा जैसा महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र अपराध का गढ़ बनता जा रहा है। बता दे कि शराब दुकान के कर्मचारियों की भर्ती प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से होती है, लेकिन उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आबकारी विभाग की भी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया है।पुलिस ने लोकेश साहू के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है। हालांकि धरसींवा सिलतरा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस टीम विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उसे पकड़ने का दावा कर रही है।
